
महिलाओं को 3 हजार, 5 रुपए में मछली-चावल, स्कूल के पास शराब की दुकानें नही
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को जनहितैषी और ऐतिहासिक योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर माह 3 हजार रुपए, 5 रुपए में मछली-चावल तथा स्कूल के पास शराब की दुकानें नही खुलेंगी। प्रशासनिक बैठक के बाद सीएम ने ऐलान किया कि अन्नपूर्णा योजना के लिए राज्य सरकार 27 मई से फॉर्म जारी करना शुरू करेगी। इसके तहत महिलाओं को प्रति माह 3,000 रुपए दिए जाएंगे। बैठक में नदिया, उत्तर 24 परगना और हुगली जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद थे।
इसके अतिरिक्त, राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, समग्र तथा पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से समृद्ध करने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया जा रहा है। राज्य सरकार अब मौजूदा स्वास्थ्य विभाग से अलग एक पूर्णतः स्वतंत्र और सर्वसुविधायुक्त आयुष विभाग की स्थापना करेगी, जो आयुर्वेद, योग और अन्य पारंपरिक उपचारों को बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष विभाग को स्वास्थ्य विभाग से अलग किया जाएगा और अब यह विभाग स्वतंत्र रूप से कार्य करेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य साथी योजना को आयुष्मान भारत योजना में परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रक्रिया पूरी होने तक लोगों को स्वास्थ्य साथी योजना का लाभ मिलता रहेगा।
सुवेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के भोजन के लिए विशेष योजना बनाई है। राज्य भर में लगभग 400 विशेष कैंटीन खोली जाएंगी। इन कैंटीन में लोगों को हफ्ते में दो दिन मात्र 5 रुपए में मछली और चावल का भरपेट भोजन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुधार की दिशा में भी एक बड़ा कदम उठाया है। इसके साथ ही सरकार ने सामाजिक परिवेश को सुधारने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। नए नियमों के मुताबिक, अब राज्य के किसी भी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और धार्मिक या पूजा स्थलों के एक किलोमीटर के दायरे में शराब की दुकानें खोलने की अनुमति कतई नहीं दी जाएगी, ताकि युवाओं और शैक्षणिक माहौल को सुरक्षित रखा जा सके।
सीएम ने कहा कि लक्ष्मी भंडार परियोजना को अन्नपूर्णा योजना और स्वास्थ्य साथी को आयुष्मान भारत में बदलने का काम शुरू हो चुका है। इस नई योजना का वित्तीय लाभ पाने के लिए लाभार्थियों को एक विशेष फॉर्म भरना होगा, जिसे बुधवार को राज्य सचिवालय से औपचारिक रूप से जारी किया जाएगा। इमेल के माध्यम से मंत्री अग्निमित्रा पाल और वे फॉर्म जारी करेंगे। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि हमारी सरकार इस प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी और तीव्र बनाएगी। जैसे ही आवेदक अपना फॉर्म पूरी तरह भरकर जमा करेंगे, उनके दस्तावेजों के सत्यापन के तुरंत बाद 3,000 रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर (डीबीटी) होनी शुरू हो जाएगी। जब तक अन्नपूर्णा योजना के 3 हजार रुपए खाते में नहीं आते, तब तक लाभार्थियों को पुराने लक्ष्मी भंडार का पैसा मिलता रहेगा। विधायक और बीडीओ के नेतृत्व में सरकार घर-घर जाकर फॉर्म भरने में सहयोग करेगी। सुवेंदु ने स्पष्ट किया कि केवल भारतीय नागरिक ही इस योजना का लाभ उठा सकेंगे, अवैध घुसपैठियों को यह लाभ नहीं मिलेगा।
Published on:
26 May 2026 05:54 pm
बड़ी खबरें
View Allकोलकाता
पश्चिम बंगाल
ट्रेंडिंग
