
TMC नेता दीपांकर भट्टाचार्य के ठिकानों पर छापेमारी (Video Screenshot)
TMC Leader Raid: पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता और बदुरिया म्युनिसिपालिटी के चेयरमैन दीपांकर भट्टाचार्य के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उनके घर, पार्टी कार्यालय और एक कंप्यूटर सेंटर पर देर रात छापेमारी कर करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, दीपांकर भट्टाचार्य पर सरकारी राहत सामग्री के गबन और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर नॉर्थ 24 परगना जिले के बादुरिया थाना पुलिस ने सोमवार देर रात उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। पुलिस टीम ने उनके आवास, टीएमसी पार्टी ऑफिस और पास स्थित एक कंप्यूटर सेंटर की तलाशी ली। बताया जा रहा है कि कंप्यूटर सेंटर बंद था, जिसके चलते पुलिस को ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।
छापेमारी के दौरान पुलिस को अलग-अलग स्थानों से लगभग 80 लाख रुपये नकद मिले। सूत्रों के अनुसार, बरामद रकम का कोई स्पष्ट हिसाब-किताब नहीं मिल पाया है। इसके अलावा कुछ सरकारी राहत सामग्री भी जब्त की गई है, जिसे लेकर जांच एजेंसियां अब वित्तीय लेन-देन और वितरण प्रक्रिया की जांच कर रही हैं। पुलिस ने दीपांकर भट्टाचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आज उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है। वहीं प्रशासन ने उनके घर को सील कर ताला लगा दिया है।
पश्चिम बंगाल में चुनावी बदलाव के बाद भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। बीते कुछ महीनों में कई तृणमूल नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ जांच एजेंसियों ने छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की है। माना जा रहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों पर सरकार और जांच एजेंसियां सख्त रुख अपनाए हुए हैं।
इसी बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुर्शिदाबाद जिले के कांदी शहर में कोलकाता पुलिस के डीसी रैंक के अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर पर एक बार फिर छापेमारी की है। शांतनु सिन्हा बिस्वास फिलहाल ED की कस्टडी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, ED की टीम इससे पहले भी पिछले शुक्रवार को उनके घर पहुंची थी। मंगलवार सुबह फिर से अधिकारियों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ उनके आवास को घेर लिया।
जांच एजेंसियां घर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि घर के भीतर स्थित तालाब और उसके आसपास लगे 10 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच के दायरे में है। ED अब मामले से जुड़े वित्तीय और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।
Published on:
26 May 2026 01:38 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
