13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

तृणमूल संगठन का पुनर्गठन: बागियों के विरोध के बावजूद अभिषेक बनर्जी बने रहेंगे राष्ट्रीय महासचिव

कुणाल घोष राज्य प्रवक्ता की भूमिका निभाएंगे। टीएमसी अब दूसरे राज्यों से मिले सुझावों के आधार पर वहां भी नई कमेटियां बनाएगी। पार्टी का लक्ष्य इन बदलावों के साथ संगठन को और मजबूत करना है।

2 min read
Google source verification
तृणमूल संगठन का पुनर्गठन: बागियों के विरोध के बावजूद अभिषेक बनर्जी बने रहेंगे राष्ट्रीय महासचिव

तृणमूल संगठन का पुनर्गठन: बागियों के विरोध के बावजूद अभिषेक बनर्जी बने रहेंगे राष्ट्रीय महासचिव

विधायकों की बगावत के बीच तृणमूल कांग्रेस ने शुक्रवार शाम कई अहम फैसले लिए। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के कालीघाट आवास पर हुई बैठक में अभिषेक बनर्जी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाए रखने का फैसला किया गया। उनकी सहायता के लिए डेरेक ओ' ब्रायन और डोला सेन को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बनाया गया। ममता बनर्जी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी रहेंगी। शुक्रवार शाम को ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पार्टी की बैठक में चुनिंदा नेताओं को ही बुलाया गया था। प्रदेश तृणमूल कांग्रेस की कमान अब चंद्रिमा भट्टाचार्य संभालेंगी। उन्होंने सुब्रत बख्शी की जगह ली है।

दूसरे राज्यों से मिले सुझावों के आधार पर वहां भी नई कमेटियां

सजदा अहमद और नयना बंद्योपाध्याय को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है। सायोनी घोष युवा टीएमसी की अध्यक्ष बनी रहेंगी। माला रॉय को अखिल भारतीय तृणमूल महिला कांग्रेस और प्रियंका अधिकारी को छात्र विंग की जिम्मेदारी मिली है। प्रवक्ताओं की टीम में डेरेक ओ' ब्रायन और कल्याण बनर्जी को राष्ट्रीय स्तर पर रखा गया है। कुणाल घोष राज्य प्रवक्ता की भूमिका निभाएंगे। टीएमसी अब दूसरे राज्यों से मिले सुझावों के आधार पर वहां भी नई कमेटियां बनाएगी। पार्टी का लक्ष्य इन बदलावों के साथ संगठन को और मजबूत करना है।

विपक्ष के नेता को लेकर कोर्ट जाएगी पार्टी

बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति का मुद्दा भी उठा। टीएमसी ने बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया। पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि विधानसभा स्पीकर का यह फैसला नियमों के अनुरूप नहीं है और टीएमसी इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी इस फैसले को चुनौती देने के लिए सोमवार को कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख करेगी। उन्होंने कहा, भाजपा जिस तरह से तृणमूल कार्यकर्ताओं की हत्या कर रही है और उन पर झूठे केस दर्ज कर रही है, हम उसके खिलाफ लड़ेंगे। हम सड़कों पर भी लड़ेंगे और कोर्ट में भी। इंडिया गठबंधन की बैठक में ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां

टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने मीडिया को बताया कि टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी के नेतृत्व में एक बैठक हुई। इस दौरान लगभग 99 फीसदी सदस्य उपस्थित थे, कुछ प्रत्यक्ष रूप से और कुछ ऑनलाइन माध्यम से, विभिन्न स्थानों और अन्य राज्यों से। जो लोग दिल्ली या अन्य जगहों पर हैं, वे भी ममता बनर्जी के संपर्क में हैं। बैठक के दौरान राष्ट्रीय स्तर से लेकर पश्चिम बंगाल प्रदेश संगठन तक कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। पार्टी में विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां नए सिरे से तय की गईं। मदन मित्रा को हॉकर एवं जीओवाई विंग का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि किसान प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी बेचाराम मन्ना और खेत मजदूर संगठन की कमान पूर्णेंदु बोस को सौंपी गई है। टीएमसी ने इस बड़े संगठनात्मक फेरबदल के जरिए राजनीतिक मुकाबलों के लिए अपनी तैयारियों को और मजबूत करने का संकेत दिया।