कोलकाता। सोदपुर में कोलकाता पिंजरापोल सोसाइटी के नई योजना प्रोजेक्ट कामधेनु गौशाला व अनुसंधान केन्द्र का शिलान्यास रविवार को प्रदेश के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी करेंगे।
25 एकड भूखंड में स्थापित होनेवाली गौशाला में करीब 100 देशी गौ वंश का संरक्षण किया जाएगा। गौशाला में गौपालन से संबंधित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा गौ उत्पाद बनाने के लिए पंचगव्य केन्द्र का निर्माण किया जाएगा।
भूमिपूजन शास्त्रीय विधि से सोमवार को किया गया। उपरोक्त जानकारी पत्रकार वार्ता में पिंजरापोल सोसाइटी के सह महामंत्री द्वारिका प्रसाद अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि पिंजरापोल सोसाइटी 130 वर्षों से गौवंश का संरक्षण करता आ रहा है। पूरे देश में सोसाइटी की 6 गौशालाएं हैं।
सोदपुर की ु गौशाला सातवीं होगी। सभी 6 गौशालाओं में 4500 गौवंशों का संरक्षण किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल में सोसाइटी की सोदपुर, लिलुआ, कचरापाड़ा और रानीगंज में गौशालाएं हैं है। इसके अलावा झारखंड के हजारीबाग व चाकुलिया में भी गौशालाएं हैं। नई गौशाला में 101 देशी नस्ल की गायें खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग दिवंगत साधुराम बंसल की धर्मपत्नी राममूर्ति बंसल ने दी है। भविष्य में दानदाताओं से आमदनी होने के बाद भावी योजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा।
भावी योजनाओं में देशी गौवंश का संरक्षण व संवर्धन, बीमार गायों की इलाज के लिए पशु अस्पताल की स्थापना, गौ एम्बुलेंस की व्यवस्था, पंचगव्य उत्पाद केन्द्र की स्थापना, चारागाह, पानी, मंदिर और किसानों को खेती का प्रशिक्षण देना शामिल है। पत्रकार वार्ता में कमल केडिया, सुरेन्द्र डालमिया, सुरेन्द्र कुमार चामडिय़ा, हरिकिशन निगानिया उपस्थित थे।