28 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

निर्माणाधीन पुल ढहा, दबने से एक मजदूर की मौत, नौ घायल

- घायल मजदूर तुफानी गुप्ता और दिलीप ठाकुर को कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है दोनों खगडिय़ा बिहार के निवासी हैं।

3 min read
Google source verification

कोरबा

image

Shiv Singh

Oct 16, 2017

निर्माणाधीन पुल ढही, दबने से एक मजदूर की मौत, नौ घायल

कोरबा. सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 111 पर पोड़ी उपरोड़ा नाला घाट के निकट निर्माणाधीन पुल ढलाई के दौरान गिर गया। इसमें दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। नौ घायल हो गए। दो मजदूरों को कोरबा के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें गंभीर चोटें आई है।

पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार दोपहर करीब एक बजे की है। मजदूर बिलासपुर- अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 111 पर विकासखंड मुख्यालय पोड़ी उपरोड़ा घाट के पास पुल बना रहे थे। पुल की ढलाई का काम चल रहा था। इस बीच भरभरा कर गिर गया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूर इधर-उधर भागने लगे।

मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। उसकी पहचान नवीन साय (३२ वर्ष) निवासी जिला खगडिय़ा बिहार के रूप में की गई है। नवीन पुल के नीचे सेटरिंग प्लेट की बोल्ट को कस रहा था। मलबे में दबे शव को देर शाम बाहर निकाला गया। घटना स्थल पर काम कर रहे मजदूरों के हवाले से पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के दौरान 12 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे में नौ घायल हुए हैं।
गंभीर रूप से घायल मजदूर तुफानी गुप्ता 28 और दिलीप ठाकुर 37 को कोरबा जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है दोनों खगडिय़ा बिहार के निवासी हैं। जबकि आंशिक रूप से घायल आठ मजदूरों को पोड़ी उपरोड़ा में प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया है।

दिलीप बिल्डकॉन का ठेका
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 111 के चौड़ीकरण काम चल रहा है। केन्द्र सरकार ने निर्माण का ठेका दिलीप बिल्डकॉन को दिया है। कटघोरा से शिवनगर तक लगभग 80 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण दिलीप बिल्डकॉन कंपनी कर रही है। ठेका कंपनी पोड़ी उपरोड़ा के निकट घाट एनएच पर पुल बना रही है। बताया जाता है कि दिलीप बिल्डकॉन ने यह काम पेटी ठेकेदार को दिया है।

प्रशासनिक अफसरों ने लिया जायजा
हादसे की सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना का जायजा लिया। जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर मजदूर नवीन के शव को बाहर निकाला गया जबकि गंभीर रूप से घायल दिलीप और तूफानी कोरबा रेफर किया गया है। घटना स्थल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तारकेश्वर पटेल, एसडीएम अखिलेश साहू, एसडीओपी कटघोरा संदीप मित्तल, सीएसपी पुष्पेन्द्र बघेल सहित आसपास के थानेदार उपस्थित थे।

एक दिन में तैयार किया जा रहा था पुल
दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पुल ढलाई के लिए तैयार की गई सेटरिंग का नट बोल्ट ढीला हो गया था। सेटरिंग ढलाई के मापदंड के अनुसार तैयार नहीं की गई थी। इस बीच ठेकेदार ने सोमवार को ढलाई का काम शुरू करा दिया। एक ही दिन में पुल को तैयार करने की कोशिश में लगा था। रॉड, सीमेंट, रेत और पत्थर का दवाब पुल पर इतना अधिक हुआ कि सेटरिंग खुल गया और पुल भरभरा कर गिर गया। ठेका कंपनी ने घटना स्थल पर काम करने वाले मजदूरों को टोपी तक मुहैया नहीं कराया था।

एनएच पर पोड़ी उपरोड़ा घाट के पास नाले पर निर्माणाधीन पुल गिरने से एक मजदूर की मौत हुई है। नौ मजदूर घायल हैं। गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को जिला अस्पताल कोरबा में भर्ती किया गया है। मौत के मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
तारकेश्वर पटेल, एएसपी, कोरबा

दुर्घटना का कारण जांच के बाद पता चलेगा। लगता है कि ढलाई के लिए बनाई गई सेटरिंग प्लेट खुलने से पुल गिर गया होगा। अन्य कोई कारण होगा तो उसकी भी जांच की जाएगी।
अखिलेश साहू, एसडीएम, पोड़ी उपरोड़ा