
पटना से कोरबा आ रही यात्री बस पलटी, बच्ची की मौत
राजहंस सर्विस की बस शनिवार शाम पटना से कोरबा के लिए निकली थी। बस यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। रविवार तड़के अंबिकापुर से कोरबा के रवाना हुई। अंबिकापुर- बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांगो थाना (मोरगा चौकी) में चालक का बस से नियंत्रण हट गया। यात्री बस सड़क पर खड़े भैंसा से टकरा कर अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे कंडक्टर साइड की ओर बस पलट गई। इस साइड के सभी यात्री दब गए। बस में यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई। जान बचाने के लिए चीख-पुकार करने लगे। आवास सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सुबह 5.30 बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर डॉयल 112 और डॉयल 108 की एम्बुलेंस पहुंची। ग्रामीणों की मदद से बस के भीतर से यात्रियों को एक- एक कर बाहर निकाला गया। उन्हें पोड़ी उपरोड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल दीपका ठाकुर उम्र 18 वर्ष निवासी कोरबा, गिरजा देवी उम्र 54 वर्ष बिहार, अरुण कुमार उम्र 70 वर्ष बिहार, धीरज सिंह उम्र 33 वर्ष, अब्दुल वाहिद, आरजू फातिमा, आरजू की पुत्री उमे आबिदा सहित अन्य यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। परीक्षण कर डॉक्टर ने डेढ़ साल की बच्ची उमे आबिदा को मृत घोषित कर दिया। अब्दुल वाहिद का परिवार झारखंड के लोहरदगा का रहने वाला है। राजहंस सर्विस की बस सीजी 15 एबी 0706 से कोरबा आ रही थी। घटना से परिवार में मातम पसरा है। घटना में एक लड़की का हाथ कटकर अलग हो गया। उसे पोड़ी उपरोड़ा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद कोरबा हायर सेंटर रेफर किया गया है। लड़की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
अधिकतर यात्री थे नींद में
घटना रविवार सुबह लगभग 5.30 बजे की बताई जा रही है। घटना के समय में 30 यात्री सवार थे। घटना में घायल एक यात्री ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को उठा लिया है। बस को जब्त कर मोरगा चौकी में खड़ा किया गया है। बस पर कई यात्रियों का सामान है। पुलिस ने बताया कि घायल यात्रियों के परिजनों को उनका सामान सौंपा जा रहा है।
घटना के बाद बस का ड्राइवर फरार हो गया। परिचालक ने बताया कि बस मोरगा के रास्ते कटघोरा की ओर बढ़ रही थी। सड़क किनारे काले रंग का भैंसा खड़ा था। इस बीच अचानक सामने से एक ट्रक आ गया। टक्कर से बचने के लिए चालक ने बस को दूसरी दिशा में मोड़ा। बस भैंसा से टकराकर बेकाबू हो गई। सड़क किनारे पलट गई।
Published on:
30 Jan 2023 04:20 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
