
पिकप पलटने से छात्र-छात्राओं के घायल होने का मामला : सबसे बड़ा सवाल जिम्मेदार कौन, कलेक्टर ने ये कहा...
कोरबा. मड़ई मेला से घर लौट रहे छात्रों से भरी पिकअप सड़क किनारे बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में कई छात्र घायल हो गए हैं। इस मामले में कलेक्टर ने बताया कि दस बच्चों का इलाज चल रहा है। जबकि मौके पर उपस्थित पुलिस वालों का कहना है कि हादसे में ३५ छात्र-छात्राएं घायल हो गए। वहीं पिकअप (मालवाहक वाहन) में लगभग ४० बच्चों को जानवरों की तरह ठूंसा गया था। गंभीर रूप से घायल सात बच्चों को प्राथमिक इलाज के बाद कटघोरा के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है। एक छात्रा की कलाई में गंभीर जख्म है। उसे अपोलो रेफर किया गया है। जबकि एक और छात्र के हाथ की हड्डी टूट गई है। २६ से २८ बच्चों को बांकीमोंगरा के विभागीय अस्पताल में इलाज जारी है।
घायल बच्चे विकासखंड कटघोरा के गांव रंजना स्थित प्राथमिक शाला के हैं। घटना की प्रारंभिक जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि बांकीमोंगरा के मोंगरा स्थित हाई स्कूल में शिक्षा विभाग की ओर से मड़ई मेला का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए विकासखंड के स्कूलों से बच्चों को लाया गया था। गुरुवार शाम छह बजे बच्चे संकुल स्तरीय आयोजन से घर लौट रहे थे। मोंगरा स्कूल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर शुक्लाखार अरदा के पास पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। बच्चे पिकअप के बाहर छिटक गए।
घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बांकीमोंगरा पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने घायलों को बांकीमोंगरा के सरकारी अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल सात बच्चों को कटघोरा रेफर किया गया है। करीब २८ बच्चों को इलाज बांकीमोंगरा के विभागीय अस्पताल में किया जा रहा है। घटना में एक बच्ची के हाथ का पंजा कटकर अलग होने की खबर है। उसे अपोलो रेफर किया गया है।
इसके बाद ब्लॉक और जिला स्तर पर भी आयोजन
मड़ई मेला का आयोजन संकुल के बाद ब्लॉक व जिला स्तर पर भी किया जाना प्रस्तावित है। मुख्य आयोजन आईटीआई गोपालपुर में ११ से १३ जनवरी तक किया जाएगा। जहां चार हजार से भी ज्यादा बच्चे शामिल होंगे, लेकिन यहां भी बच्चों के आने-जाने की क्या व्यवस्था होगी इसका कोई स्पष्ट निर्देश नहीं है। सरकारी स्कूल बच्चों को उपयोग इसी तरह के आयोजनों में अधिकारी अपने नंबर बढ़ाने के लिए करते हैं। लेकिन उनकी शामत तब आती है, जब इस तरह के हादसे हो जाते हैं। घटना में पिकअप का चालक भी घायल हुआ है। उसे कटघोरा अस्पताल में भर्ती किया गया है।
-मड़ई मेला से बच्चे घर लौट रहे थे। पिकअप पलटने से १० बच्चे घायल हुए हैं। उनका इलाज जारी है। पहले बच्चों का ठीक तरह से इलाज हो जाए, इसके बाद उन्हें किन परिस्थतियों में ले जाया जा रहा था। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मोहम्मद कैसर अब्दुल हक कलेक्टर कोरबा
-२३ छात्रों को बांकीमोंगरा, सात को कटघोरा और तीन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है, उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। सुरेश चन्द्र शुक्ला, टीआई, बांकीमोंगरा
Published on:
04 Jan 2019 10:55 am
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
