
बैकुंठपुर घड़ी चौक: स्व रामचंद्र सिंहदेव की मूर्ति उद्घाटित, अब कहलाएगा कोरिया कुमार चौक,बैकुंठपुर घड़ी चौक: स्व रामचंद्र सिंहदेव की मूर्ति उद्घाटित, अब कहलाएगा कोरिया कुमार चौक
बैकुंठपुर।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विस अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत सहित आधा दर्जन मंत्रियों की मौजूदगी में सोमवार को बैकुंठपुर घड़ी चौक पर छत्तीसगढ़ के पहले वित्तमंत्री स्व डॉ रामचंद्र सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण हुआ। साथ ही चौक का अब नया कोरिया कुमार नामकरण कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री बघेल ने कोरिया कुमार के नाम से विख्यात प्रदेश के प्रथम वित्तमंत्री स्व सिंहदेव की जयंती पर बैकुंठपुर के हृदय स्थल पर १०.९९ करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। जिसमें नगर पालिका बैकुंठपुर और शिवपुर चरचा के विकास कार्य शामिल हैं। वहीं कोरिया कुमार की समाधि मौहारीडांड़ पर पुष्पांजलि अर्पित कर आमसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद मिनी स्टेडियम के हैलीपेड से जशपुर के विकासखंड स्थित कुनकुरी मयाली नेचर कैंप हैलीपेड के लिए रवाना हुए। इस दौरान गृह, लोक निर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव, विधायक गुलाब कमरो, डॉ विनय जायसवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम जनता मौजूद थे।
इतने कार्यों का भूमिपूजन
-बैकुंठपुर हाईस्कूल के सामने व पुराने नपा में व्यवासायिक दुकान निर्माण लागत २६३.१९ लाख।
- बैकुंठपुर नपा में विभिन्न विकास कार्यों का निर्माण लागत ५०० लाख।
-बैकुंठपुर में सामुदायिक भवन सर्वआदिवासी समाज कोरिया लागत ५० लाख।
-शिवपुर चरचा में विभिन्न विकास कार्य लागत २०२.१७ लाख।
-शिवपुर चरचा में विभिन्न विकास कार्य लागत ८४.६३ लाख।
मुख्यमंत्री ने डॉ सिंहदेव की जयंती पर राजनीतिक और व्यक्तिगत स्मृतियां की साझा
मुख्यमंत्री बघेल ने डॉ सिंहदेव के साथ बीते राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन के अनुभव साझा कर बहुआयामी व्यक्तित्व का परिचय दिया। उन्होंने कुशल राजनीतिज्ञ, बेहतरीन जलप्रबंधन, कल्याणकारी योजना, आर्थिकी के उन्नत स्वरूपों पर निरन्तर चिंतन, जनहित के मुद्दों पर उनकी विशेष सक्रियता के साथ ही फोटोग्राफी, पुस्तक लेखन में उनकी अभिरुचि के बारे में उल्लेख कर सादर नमन किया।
कुशल राजनीतिज्ञ, जलप्रबंधन में विशेषज्ञता और फोटोग्राफी में गहन रुचि डॉ सिंहदेव की पहचान थी
अतिथियों ने कहा कि कोरिया कुमार के नाम से विख्यात स्व डॉ सिंहदेव का जन्म जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 13 फरवरी 1930 को हुआ था। वे 1967 से 2000 तक अविभाजित मध्यप्रदेश में विधानसभा के सदस्य, मंत्री और राज्य योजना मंडल के उपाध्यक्ष रहे। मध्यप्रदेश से अलग होकर छत्तीसगढ़ बनने के बाद राज्य के पहले वित्तमंत्री बने। उनकी स्कूली शिक्षा राजकुमार कॉलेज रायपुर और उच्च शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हुई थी। उन्होंने रसायनशास्त्र में एमएससी और समाजशास्त्र में पीएचडी की उपाधि हासिल की थी। उनकी अभिरुचि फोटोग्राफी, पुस्तक लेखन में रही। वहीं सिंचाई, योजना, आर्थिकी के उन्नत स्वरूपों पर निरन्तर चिंतन, जनहित के मुद्दों पर विभिन्न राष्ट्रीय सेमीनार में हिस्सेदारी रही। जर्मनी स्थित अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा कुशल जलप्रबंधन के लिए सम्मानित भी किया गया था।
Published on:
13 Feb 2023 08:47 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
