
Godhan Nyay Yojana
खडग़वां. Godhan Nyay Yojana: कोरिया जिले के खडग़वां ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरिया में आयोजित ग्रामसभा की बैठक में गोबर खरीदी का 1.35 लाख डकारने का मामला सामने आया है। आरोप गोठान समिति के अध्यक्ष जो कि युवा कांग्रेस के पदाधिकारी हैं, पर लगा है। इस मामले में पंचायत सचिव का कहना है कि युवा कांग्रेसी नेता ने राजनीतिक धौंस दिखाकर बुजुर्ग पंचायत सचिव (Panchayat Secretary) से 2 चेक कटवा लिया। कुल चेक 1 लाख 34 हजार 900 रुपए का था। चेक कटवाने के बाद भी हितग्राहियों को गोबर (Cow Dung) बिक्री का पैसा नहीं दिया गया। ऐसे में सवाल यह उठता है कि शासन जिस गोधन न्याय योजना से सुर्खियां बटोर रही है, उसे उसके ही कार्यकर्ता मटियामेट करने में लगे हुए हैं। इधर जनपद सीईओ भी इस मामले में 2 तरह की बात कर रहे हैं।
सकरिया ग्राम पंचायत में शनिवार को ग्रामसभा की बैठक हुई, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और अपनी शिकायत दर्ज कराई। गोधन न्याय योजना के तहत गोबर बेचने के बाद हितग्राहियों को पिछले साल का पैसा नहीं मिलने का मुद्दा उठाया गया। मामले में पंचायत सचिव ने बताया कि ऑनलाइन भुगतान जिन हितग्राहियों को नहीं हुआ था, उनका प्रपोजल बनाकर जनपद सीइओ को भेजा गया था।
पैसा पंचायत के खाते में जमा हुआ था, जिसे गोबर बेचने वाले हितग्राहियों को भुगतान करना था। इस मामले में गोठान समिति के अध्यक्ष ने मुझसे कहा कि गोबर बिक्री करने वाले हितग्राहियों को पैसा भुगतान करना है। आप चेक काट दो हम सूची बनाकर रखे हैं। उसी के हिसाब से हितग्राहियों को पैसा भुगतान करेंगे। पंचायत सचिव ने चेक काटने मना कर दिया था। लेकिन युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं गोठान समिति अध्यक्ष ने अपनी राजनीतिक पहुंच का धौंस दिखाया और बुजुर्ग पंचायत सचिव अली साय कुर्रे से जबरन चेक कटवा लिया।
गोठान समिति के अध्यक्ष द्वारा 2 नवंबर 21 को 70 हजार 900 रुपए एवं 16 नवंबर 21 को 64 हजार कुल 1 लाख 34 हजार 900 रुपए का चेक कटवाकर बैंक से राशि आहरण कर लिया। लेकिन हितग्राहियों को पैसा भुगतान नहीं किया। पंचायत सचिव अली साय कुर्रे का कार्यकाल 2 महीने शेष है।
युवा कांग्रेस पदाधिकारी हैं गोठान समिति के अध्यक्ष
युवा कांग्रेस के पदाधिकारी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन व ग्रामीणों को लाभ से वंचित करना चाहते हैं, जिसका जीता जागता उदाहरण सकरिया ग्राम पंचायत में देखने को मिला। यहां युवा कांग्रेस पदाधिकारी अपनी ही सरकार की योजना को फेल करने में तुले हुए हैं। गोबर का पैसे लेकर हितग्राहियों को भुगतान नहीं कर रहा है। मामला ग्रामसभा में उजागर होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।
सरपंच-सचिव के भी शामिल होने का आरोप
मामले में ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें सरपंच-सचिव की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता है। हितग्राही बच्चा लाल यादव 2500 रुपए, उर्मिला साहू 800 रुपए, मानमती 4000 रुपए, मनोज कुमार 2200 रुपए, नोखेलाल लगभग 2800 सहित सैकड़ों किसान हैं, जिनका भुगतान नहीं हुआ है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 18 नग शौचालय निर्माण कार्य कराया गया है जिसका पैसा हितग्राहियों को नहीं दिया गया और पैसा आहरण कर लिया गया है।
दोषियों पर करेंगे सख्त कार्रवाई
मामले में जांच कर रहे हैं। पंचायत सचिव (Panchayat Secretary) के माध्यम से पैसा आहरण करने की सूचना नहीं मिली है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मूलचंद चोपड़ा, सीइओ जनपद पंचायत खडग़वां
Published on:
19 Dec 2021 11:31 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
