
“वो मेरी गर्लफ्रेंड है, उसके बिना नहीं जी सकता…” कहकर दुल्हन के ससुराल पहुंचा प्रेमी, दूल्हे ने तलाक लेने की कही बात(photo-patrika)
Love Affair Revealed After Marriage: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त विवाद में बदल गया, जब दुल्हन का कथित प्रेमी अचानक उसके ससुराल पहुंच गया और सभी के सामने अपने रिश्ते का दावा करने लगा। युवक ने कहा कि दुल्हन पिछले तीन साल से उसकी गर्लफ्रेंड है और वह उसके बिना नहीं रह सकता। इस खुलासे के बाद शादी वाले घर में हड़कंप मच गया और मामला सीधे थाने तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा निवासी युवती अनिता के साथ पूरे रीति-रिवाज और पारंपरिक तरीके से संपन्न हुई थी। 7 मई को विदाई के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुंची थी। घर में रिसेप्शन और शादी की पार्टी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार और मेहमान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हुए थे। इसी दौरान अचानक मयूर अग्रवाल नामक युवक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि मयूर अग्रवाल ड्राय फ्रूट्स की दुकान संचालित करता है। ससुराल पहुंचते ही उसने परिजनों के सामने दावा किया कि वह और दुल्हन पिछले तीन वर्षों से रिलेशनशिप में हैं। युवक ने यह भी कहा कि उसके पास दोनों के साथ के फोटो और वीडियो मौजूद हैं। उसने साफ कहा कि वह युवती के बिना नहीं जी सकता और उसे किसी भी हालत में छोड़ नहीं सकता।
बॉयफ्रेंड के इस दावे के बाद शादी वाले घर में विवाद की स्थिति बन गई। दूल्हे और दुल्हन पक्ष के बीच काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन तथा युवक को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली थाना ले गई।
थाने में देर रात करीब 2 बजे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। पूरे घटनाक्रम के चलते शादी की रिसेप्शन पार्टी भी रद्द करनी पड़ी। शादी की खुशियां देखते ही देखते विवाद और तनाव में बदल गईं।
फिल्मी अंदाज में हुए इस खुलासे के बाद दूल्हा नवीन कुमार ने दुल्हन को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। दूल्हे का कहना है कि यदि युवती पहले से किसी और के साथ रिश्ते में थी तो वह उसे स्वीकार नहीं कर सकता। उसने तलाक लेने की बात भी कही है। इस बयान के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
सिटी कोतवाली प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि फिलहाल दोनों परिवारों को समझाइश देकर शांत कराया गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले को आपसी सहमति और बातचीत से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
शादी के दौरान हुए इस घटनाक्रम की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक हुए इस विवाद ने सभी को हैरान कर दिया। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे यह मामला किस दिशा में जाता है।
Published on:
10 May 2026 12:27 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
