
बैकुंठपुर. Urban Body Election 2021: जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम धावड़े ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि नगर पालिका आम निर्वाचन की तैयारी पूरी कर ली गई है। 27 दिसंबर की सुबह 10.30 बजे चुनाव की सूचना, सीटों के आरक्षण के संबंध में सूचना, मतदान केंद्रों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उसी दिन से 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन फार्म मिलेगा। इधर कर्मचारियों की छुट्टी पर बिना अनुमति प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी धावड़े ने बताया कि नामांकन फार्म दाखिल करने की अंतिम तिथि 3 दिसंबर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। वहीं 4 दिसंबर सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। 6 दिसंबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की तिथि निर्धारित है और प्रत्याशियों की सूची तैयार होगी।
रिटर्निंग ऑफिसर नाम वापसी के बाद अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न आबंटन किया जाएगा। वहीं 20 दिसंबर एवं २३ दिसंबर को सुबह ९ बजे से मतगणना और परिणाम की घोषणा होगी।
बिना अनुमति अवकाश प्रतिबंधित
नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर एवं शिवपुर-चरचा क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील है। जिला निर्वाचन अधिकारी धावड़े ने नगर पालिका आम निर्वाचन 2021 की प्रक्रिया समाप्त होने तक सर्व कार्यालय प्रमुखों को पत्र जारी कर अधिकारी, कर्मचारियों के अवकाश प्रतिबंधित कर दिया है।
अधिकारी एवं कर्मचारी बिना अनुमति अवकाश पर नहीं जाएंगे। अधिकारी व कर्मचारी अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगे और चुनाव कार्य में आवश्यकता पडऩे पर अल्प सूचना पर उपस्थित होना होगा।
ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित
जिला निर्वाचन अधिकारी धावड़े ने नगर पालिका आम निर्वाचन को ध्यान में रखकर रात 10 से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित किया है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का वाहन और चुनावी सभाओं में चुनाव प्रसार करने सुबह 6 से रात 10 बजे तक समय निर्धातरित है।
सिर्फ साधारण किस्म के यंत्रों की अनुमति है और मध्यम आवाज में चलाए जाएंगे। वाहन और चुनावी सभाओं में एक से अधिक माइक, समूह में नहीं लगा जाएंगे। साथ ही चुनावी सभा एवं चुनाव प्रचार करने के लिए वाहनों पर ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाने एसडीएम से अनुमति अनिवार्य होगा।
नामांकन वितरण व जमा करने लगी ड्यूटी
जिला निर्वाचन अधिकारी धावड़े ने निकाय चुनाव में नामांकन वितरण, जमा करने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। बैकुंठपुर नपा के लिए अभ्यर्थी व प्रस्तावक का क्रमांक, नाम का मिलान करने राजस्व निरीक्षक कौशल यादव, पटवारी बाल्मीकी मिश्रा की ड्यूटी लगी है।
निक्षेप राशि रसीद, विवरणी तैयार करने, नामांकन पत्र सेट्स तैयार करने बालेन्द्र मिश्रा, मोतीलाल वर्मा और राज्य निर्वाचन आयोग के वेबसाइट में प्रविष्टि सत्यापन, नामांकन पत्र पावती प्रिंट आउट लेने अभिषेक सिंह गहरवार, सूरजराम रवि की ड्यूटी लगी है।
नामांकन पत्रों को वार्ड वार संधारण, अभ्यर्थियों के शपथ पत्र की प्रति का प्रकाशन, प्रारूप 4 में सूची तैयार करने, वार्डवार, अभ्यर्थीवार प्रतीक चिह्न पत्रक तैयार करने संजीव कुमार सिन्हा एवं नारदमुनि पाण्डेय को दायित्व सौंपा गया है।
Updated on:
26 Nov 2021 05:54 pm
Published on:
26 Nov 2021 05:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
