
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क/कोटा. Femina Miss India 2023: शिक्षा की काशी कोटा से सिर्फ डॉक्टर-इंजीनियर ही नहीं निकल रहे, बल्कि यहां के बच्चों के सिर पर सौन्दर्य का ताज भी सज रहा है।
कोटा की बेटी नंदिनी गुप्ता को शनिवार रात मणिपुर के इंफाल में हुए 59वें फेमिना मिस इंडिया ब्यूटी कार्यक्रम में फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड-2023 ताज से नवाजा गया। नंदिनी मिस राजस्थान भी रह चुकी हैं। शनिवार रात नंदिनी व उसके परिवार के लिए उस समय फिर खुशियों का मौका आया, जब नंदिनी को फेमिना मिस इंडिया का ताज मिला। वहीं, मणिपुर की स्ट्रेला थौनाओजम लुवांग को सैकण्ड रनर-अप व दिल्ली की श्रेया पूंजा को फर्स्ट रनर-अप घोषित किया गया।
यह भी पढ़ें : राजस्थान की नंदिनी गुप्ता बनी 'मिस इंडिया'
19 साल की उम्र में बनी विनर
ब्लैक गाउन में रैंप वॉक करते हुए नंदिनी बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्हें पिछले साल की मिस इंडिया सिनी शेट्टी ने ताज पहनाया। उस समय उनकी मां भी साथ थीं। नंदिनी 19 साल की उम्र में फेमिना मिस इंडिया बनी हैं, जो लड़कियों के लिए एक प्रेरणा है। अब नंदिनी मिस वर्ल्ड-2023 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मशहूर अभिनेता कार्तिक आर्यन ने नंदिनी को ट्वीटर पर बधाई दी।
पिता किसान, मां गृहिणी
नंदिनी कोटा के पुरानी सब्जीमंडी क्षेत्र निवासी है। उनके पिता सुमित गुप्ता किसान हैं। वे सांगोद के पास भांडाहेडा में खेती करते हैं। नंदिनी की मां रेखा गुप्ता गृहिणी हैं। छोटी बहन अनन्या गुप्ता 9वीं की स्टूडेंट है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एचपी गुप्ता की भतीजी है। पिता सुमित बताते हैं कि नंदिनी को बचपन से ही मॉडलिंग का शौक था। घर पर कैटवॉक करना, मेकअप करना तो उसने चार साल की उम्र से ही शुरू कर दिया था। मॉडलिंग को लेकर अलग से कोई ट्रेनिंग नहीं करवाई। उसकी इच्छा थी तो कभी उसे रोका भी नहीं। घर पर ही वह प्रैक्टिस किया करती थी। नंदिनी की 12वीं तक पढ़ाई कोटा के माला रोड स्थित एक निजी स्कूल में हुई। इसके बाद बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए वह मुंबई चली गई। अभी वह मुंबई में सैकंड ईयर में है। नंदिनी 11 फरवरी को मिस राजस्थान चुनी गई थीं।
जजों ने पूछा सवाल
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगियों की नॉलेज, स्वभाव व विचारों को जज करने के लिए सवाल पूछे गए। नंदिनी से जज ने सवाल किया-उन्हें अगर ऑप्शन दें तो वह क्या बदलना चाहेंगी, पहला-दुनिया को या दूसरा-खुद को। नंदिनी ने तपाक से कहा, वह खुद को बदलना चाहेगी। जिस घर से एप्रिसिएशन और चैरिटी की समझ मिलती है, वैसे ही बदलाव भी घर से ही मिलता है। अगर आपके पास खुद को बदलने की ताकत है तो आप दुनिया बदल सकते हैं। उनके जवाब पर तालियां गूंजने लगीं।
लक्ष्य को मेहनत से पूरा करो
नंदिनी का मानना है कि जब भी कोई लक्ष्य तय करोे तो उसमें पूरी तरह से जुट जाओ। पूरी ईमानदारी से मेहनत करो, सफलता अवश्य मिलेगी। मैंने सफलता के लिए यही फॉर्मूला अपनाया।
Published on:
17 Apr 2023 11:14 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
