
देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में डॉक्टरों और स्टाफ की भारी कमी चिंता का विषय है।
ऑल इंडिया 15 प्रतिशत कोटा एमबीबीएस-बीडीएस काउंसलिंग राउंड-1 के तहत एम्स संस्थानों में सीट आवंटन की प्रक्रिया के बाद प्रवेश की तैयारियां शुरू हो गई है। एमसीसी की ओर से राउंड-1 सीट आवंटन का परिणाम 19 अगस्त को जारी किया जाएगा। इसके बाद एम्स नई दिल्ली ने चयनित विद्यार्थियों के लिए रिपोर्टिंग शेड्यूल जारी कर दिया है।
एम्स नई दिल्ली में चयनित विद्यार्थियों को 20 से 23 अगस्त के बीच सुबह 9.30 से शाम 4 बजे तक रिपोर्टिंग, मूल दस्तावेज के सत्यापन और जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद 24 अगस्त को मेडिकल एग्जामिनेशन और फीस जमा होगी, जबकि 25 अगस्त को जनरल ओरिएंटेशन आयोजित किया जाएगा। एमबीबीएस पाठ्यक्रम की नियमित कक्षाएं 1 सितंबर से शुरू होंगी।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एम्स संस्थानों में एमबीबीएस प्रवेश के लिए 12वीं बोर्ड में फिजिक्स, कैमिस्ट्री, बायोलॉजी और अंग्रेजी विषयों में न्यूनतम अंक की अलग पात्रता शर्तें निर्धारित हैं। जनरल, ओबीसी-एनसीएल और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए इन चारों विषयों में कुल मिलाकर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं एससी और एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। नीट यूजी की पात्रता शर्तों और एम्स संस्थानों की प्रवेश पात्रता में अंतर है। ऐसे में विद्यार्थियों को सीट मिलने के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने से पहले संबंधित संस्थान की पात्रता शर्तों की जानकारी अवश्य कर लेनी चाहिए।
देश के प्रतिष्ठित एम्स संस्थानों में एमबीबीएस की फीस बेहद कम है। एमसीसी की इंस्टीट्यूट प्रोफाइल के अनुसार, एम्स नई दिल्ली की एडमिशन फीस (हॉस्टल सहित) करीब 5356 रुपए है। इसी तरह एम्स जोधपुर की फीस भी 5356 रुपए है। एम्स भोपाल में एडमिशन फीस शून्य दर्ज है, जबकि एम्स नागपुर 5356 रुपए, एम्स ऋषिकेश 11450 रुपए, एम्स पटना 5856 रुपए और एम्स रेवाड़ी 10712 रुपए है।
देश के एम्स संस्थानों में एमबीबीएस सीटों की संख्या में भी अंतर है। राजस्थान के एम्स जोधपुर में सर्वाधिक 150 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध हैं। वहीं एम्स मदुरई और एम्स रेवाड़ी में सबसे कम 50-50 सीटें हैं। एम्स नई दिल्ली में 132, एम्स भोपाल, पटना, रायपुर, भुवनेश्वर, नागपुर, ऋषिकेश, देवघर, गोरखपुर और कल्याणी में 125-125 सीटें हैं। एम्स मंगलगिरी में 125, एम्स गुवाहाटी, बिलासपुर, विजयपुर, बठिंडा, तेलंगाना बीबीनगर और रायबरेली में 100-100 सीटें हैं, जबकि एम्स राजकोट में 75 सीटें निर्धारित हैं।
Updated on:
17 Aug 2026 06:47 pm
Published on:
17 Aug 2026 06:47 pm
