
कोटा को इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनाएंगे : बिरला
कोटा. विज्ञान दिवस पर कोचिंग सिटी कोटा को मंगलवार को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सिटी पार्क के पास 35 करोड़ की लागत से बनने वाले साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग परीक्षा की तैयारी करने आए युवाओं की नई सोच और ऊर्जा को दिशा देकर कोटा को इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने की।
बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नित नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। इस पर पूरे देश को गर्व है। दुनिया के लोग भी इस बात से चकित होते हैं कि भारत के युवा विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में इतने दक्ष हैं। बीते 10 वर्षों में हर क्षेत्र में नवाचारों से दुनिया की अनेक चुनौतियों का समाधान हुआ है और इसका श्रेय हमारे युवाओं को जाता है।
साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम का श्रेय बिरला को
विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री शर्मा ने कहा कि कोटा में देश की सबसे अत्याधुनिक टेक्नोलाॅजी का प्लेनेटोरियम बन रहा है। इसका श्रेय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश में विज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा दे रहे हैं। कोटा एजुकेशन का बड़ा हब है। यहां साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम बनने से प्रतिभाएं और निखरेंगी। कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दुनिया की सबसे कुशाग्र, मेहनती और विद्वान प्रतिभाएं भारत की हैं। साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम से यहां की युवा प्रतिभाएं आगे बढ़ने को प्रोत्साहित होंगी। लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि कोटा में साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम शहर के लिए एक बड़ी उपलिब्ध होगी।
देश का सबसे अत्याधुनिक होगा अपना प्लेनेटोरियम
कोटा में बनने वाला डिजिटल प्लेनेटोरियम देश का सबसे अत्याधुनिक टेक्नोलाॅजी युक्त होगा। 80 व्यक्तियों की क्षमता वाला ऐसा प्लेनेटोरियम देश में अभी कहीं नहीं है। कोटा में हर वर्ष करीब दो लाख विद्यार्थी इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए आते हैं। इसके अलावा कोटा में बड़ी संख्या में स्कूल, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेज, आईटीआई हैं। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय सहित 4 अन्य विश्वविद्यालयों से भी प्रदेश के बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुड़े हैं। इन सबके लिए विज्ञान को नए और मजेदार तरीके से समझने तथा सूर्य, मंगल, पृथ्वी, धूमकेतु सहित अंतरिक्ष के अन्य रहस्यों काे जानने में यह साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम मददगार सिद्ध होगा। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वन मंत्री संजय शर्मा, विधायक संदीप शर्मा व कल्पना देवी की मौजूदगी में तारामंडल के लिए भूमिपूजन कर शिलान्यास किया।
ये रहे मौजूद
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सहायक निदेशक प्रतिभा शृंगी, सचिव वी. श्रवण कुमार, राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र दिल्ली के क्यूरेटर एफ डॉ. राज मल्हौत्रा, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रतिपक्ष नेता विवेक राजवंशी, लव शर्मा, भाजपा शहर अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, देहात अध्यक्ष योगेंद्र नन्दवाना, भाजपा नेता प्रेम गोचर, महामंत्री जगदीश जिंदल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Published on:
27 Feb 2024 11:36 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
