कोटा. भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनावी साल है इसलिए गहलोत व कांग्रेस वाले चर्चा में रहने के लिए कुछ भी बोलेंगे। पार्टी का पूरा जोर चुनाव जीतने पर है। हर बूथ पर 65 प्रतिशत मतदान भाजपा के पक्ष में कराने की रणनीति बनाई जा रही है। इसी के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 22 सितम्बर को कोटा आएंगे।
स्वाइन फ्लू की कैद में सेन्ट्रल जेल के कैदी…13 अन्य चपेट में
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने आए सैनी ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि पार्टी में किसी भी स्तर पर कोई गुटबाजी नहीं है। पत्रिका ने सवाल किया कि गहलोत ने दो दिन पहले बयान दिया कि भाजपा के दो-दो प्रदेश अध्यक्ष हैं। आपको (सैनी) अमित शाह का, अशोक परमानी को मुख्यमंत्री का प्रदेशाध्यक्ष बताया है, इसे किस रूप में देखते हैं। सैनी ने कहा कि गहलोत कुछ भी बोलें, इससे क्या होगा। हम केवल चुनाव जीतने पर ध्यान दे रहे हैं, बयानों पर नहीं। गौरव यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ नहीं रहने के सवाल पर सैनी ने कहा कि वे मेवाड़, जोधपुर, बीकानेर, झालावाड़ यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ थे। वे पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हैं, उनके भी पहले से कार्यक्रम निर्धारित होते हैं। इस कारण पूरी यात्रा में साथ नहीं रह पाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रत्याशियों का चयन वर्र्किंग कमेटी करेगी। पार्टी कोई सर्वे नहीं करा रही है। कार्यकर्ताओं के फीडबैक के आधार पर ही टिकट का फैसला लेंगे।