
कस्बाथाना@ कस्बाथाना का मुख्य बस स्टैंड, जहां से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, आज बदहाल व्यवस्था और गंदगी की मार झेल रहा है। बस स्टैंड के आस-पास कई दुकानदारों द्वारा नालियों पर अतिक्रमण कर उन्हें बंद कर दिया गया है। इसके कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है और पूरे दिन सड़क फिसलनभरी बनी रहती है। स्थानीय ग्रामीण बच्चनलाल जाटव, आदित्या, शुभम राठौर, विशाल यादव, चेतन, उमाकांत सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। कुछ समय पहले एक व्यक्ति का पैर भी इसी सड़क पर फिसलने से टूट गया था। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में सब्जियों के ठेले लगते हैं। ठेले हटने के बाद कई विक्रेता सड़ी-गली सब्जियां और अन्य कचरा नालियों व सड़क किनारे फेंक देते हैं। इससे नालियां जाम हो जाती हैं।
ग्राम पंचायत द्वारा समय-समय पर सफाई कराई जाती है, लेकिन कुछ दुकानदारों की लापरवाही के कारण कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक सफाई अभियान का कोई स्थायी असर नहीं दिखेगा।
-मुख्य बस स्टैंड पर जलभराव और गंदगी की समस्या की जानकारी मिली है। ग्राम पंचायत समय-समय पर सफाई अभियान चलाती है, लेकिन कुछ दुकानदारों द्वारा नालियों पर अतिक्रमण और कचरा डालने से समस्या दोबारा उत्पन्न हो जाती है। पंचायत जल्द ही मौके का निरीक्षण कर बंद नालियों को खुलवाने, नियमित सफाई कराने और कचरा निस्तारण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
– योगेश सहरिया, प्रशासक, ग्राम पंचायत कस्बाथाना
Updated on:
27 Jul 2026 06:01 am
Published on:
27 Jul 2026 06:00 am
