26 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वाहो वाहो गुरु गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला…

श्रद्धा से मनाया गुरु गोविंद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव, गुरुग्रन्थ साहिब के सम्मुख टेका मत्था, हजूरी रागी जत्थों ने किया संगत को निहाल

2 min read
Google source verification
वाहो वाहो गुरु गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला...

वाहो वाहो गुरु गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला...

कोटा. छावनी स्थित स्टेट लांसर गुरुद्वारा साहिब में रविवार को गुरु गोबिंद सिंह महाराज का प्रकाशोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर दीवान सजाया गया। बड़ी तादात में लोगों ने गुरुग्रन्थ साहिब के सम्मुख मत्था टेका। हजूरी रागी जत्थों ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। कोटा के अलावा अन्य जगहों से भी हजूरी रागी आए।


लुधियाना के गुरुशरण सिंह, अमृतसर के सुखप्रीत सिंह व गुरुद्वारे के हजूरी रागी बहादुर सिंह व अशोक सिंह ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस दौरान स्कूली बच्चों का भक्ति भाव उस समय देखने को मिला जब गुरुनानक पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया।

हजूरी रागी जत्थों व स्कूली बच्चों ने तही प्रकाश हमारा भयो पटना शहर बिखै भव लयो..., वह प्रकटयो मरद अगमढ़ावारियाम अकेला, वाहो वाहो गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला..., मैं हो प्रभ पुर्ख को दासा, देखन आयो जगत तमाशा..., मित्र पधारेनू हाल सरीदां दा कहना...सरीखे शबद सुनाकर साध संगत को भक्ति से जोड़ा।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी तादात में लोग आए। कार्यक्रम में विधायक कल्पना देवी, जिला कलक्टर ओम प्रकाश कसेरा, सिख वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गी, डॉ. कुलवंत गौड़, डॉ. हर्ष गोयल, सेन्ट्रल बैंक के बलविंदर सिंह गिल शामिल हुए।

गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी, गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह समिति की ओर से अध्यक्ष सुरजीतसिंह चंडी, सचिव संतोषसिंह सिंधू व व अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का सिरोपा भेंट कर सम्मान किया। निशान केसरी व वीर खालसा गतका ग्रुप का भी सम्मान किया गया। सेंट्रल गुरुसिंह सभा के जितेन्द्र मोहन सिंह ने मंच संचालन किया। इस मौके पर गुरु का अटूट लंगर भी बरता गया। इसे हजारों लोगों ने छका। लोगों ने लंगर में तन मन से सहयोग किया।

सुमिरन में सारे सुख
कीर्तन के दौरान रागी जत्थों ने प्रवचन भी दिए। लुधियाना के गुरुशरण सिंह ने कहा कि सिर्फ ईश्वर पर भरोसा करो। उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि संसार की चीजें ईश्वर से मत मांगो। कृपा मांगो। ईश्वर पर जिसकी कृपा हो जाती है, उसे फिर किसी दूसरे सुख की आस नहीं होती। उन्होंने सत्य मार्ग पर चलने की सीख देते हुए कहा कि सत्य व धर्म की राह पर चलकर ही गुरु गोबिंद सिंह लोगों के मार्गदर्शक बने।

अटवाल नगर में 25 से कार्यक्रम
अटवाल नगर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीपसिंह में 25 जनवरी से बाबा दीपसिंह का जन्म दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर शबद कीर्तन होंगे। अमृतसर के जगतार सिंह, लुधियाना के गुरुशरण सिंह, स्थानीय गुरुद्वारे के मनिन्दर सिह, प्रताप सिंह व शुभम सिंह शबद कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे। गुरु का अटूट लंगर भी बरतेगा। आयोजन के तहत 24 को अखंड पाठ साहब शुरू होगा। 25 को शाम को 8 बजे से दीवान सजाया जाएगा। 26 को सुबह 9 बजे अखंड पाठ साहब का समापन व सुबह 10 बजे से मुख्य दीवान सजाया जाएगा।