22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Cheetah KP-2: राजस्थान में चंबल किनारे ‘चीता केपी-2’ की दस्तक, कोटा-बूंदी में बढ़ी हलचल; दहशत में ग्रामीण

Kota News: मध्यप्रदेश के कूनो सेंचुरी से भटककर पार्वती नदी के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करने वाला चीता केपी-2 अब चंबल किनारे गैंता क्षेत्र तक पहुंच गया है।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Anil Prajapat

Mar 22, 2026

Leopard-1

चंबल नदी किनारे विचरण करता चीता। फोटो: पत्रिका

इटावा (कोटा)। मध्यप्रदेश के कूनो सेंचुरी से भटककर पार्वती नदी के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करने वाला चीता केपी-2 अब चंबल किनारे गैंता क्षेत्र तक पहुंच गया है। शुक्रवार को इसका मूवमेंट इटावा नगर के आसपास दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार सुबह आमलदा और गैंता गांव के पास चंबल नदी के किनारे इसकी लोकेशन ट्रेस हुई है।

वन विभाग के अनुसार यह इलाका बूंदी जिले के रामगढ़ विषधारी अभयारण्य से जुड़ा हुआ है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यदि चीता चंबल नदी पार करता है, तो वह रणथंभौर अभयारण्य की ओर भी बढ़ सकता है। स्थिति को देखते हुए इटावा वन मंडल, कूनो सेंचुरी और रामगढ़ विषधारी की टीमें लगातार ट्रैकिंग कर उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

खेतों में जाने से बच रहे किसान

उधर, गैंता गांव के पास चीते की मौजूदगी की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ उसे देखने के लिए उमड़ पड़ी। हालांकि इस रोमांच के बीच ग्रामीणों और किसानों में डर का माहौल भी है। खेतों में कटी और पकी फसलें खड़ी हैं, लेकिन चीते की दहशत के चलते किसान खेतों में जाने से बच रहे हैं।

बरत रहे हैं सतर्कता

कूनो की टीम के साथ मिलकर राजस्थान वन विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। शनिवार शाम तक गैंता क्षेत्र के आसपास चीते की मौजूदगी बनी रही। ग्रामीणों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सावधानी बरतें और किसी भी तरह की सूचना तुरंत विभाग को दें।
-गजेन्द्र सिंह, रेंजर, इटावा

पाचनकुई में दिखा पैंथर, बछड़े का शिकार किया

इधर, ग्राम पंचायत बावड़ी खेड़ा के पाचन कुई गांव में पैंथर जैसे वन्यजीव दिखाई देने से लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार पैंथर ने गाय के बछड़े का शिकार भी किया। ग्रामीण गोवर्धन गुर्जर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि लोगों को देर रात पैंथर नजर आया। कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया। लोगों ने बताया कि पैन्थर ने गाय का शिकार भी किया।

लोगों के अनुसार चार पांच दिनों से क्षेत्र में वन्यजीव का मूवमेंट हो रहा है। लोगों में भय व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग को भी सूचित किया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी इंद्रेश यादव ने बताया कि ग्रामीणों से वन्यजीव के मूवमेंट की जानकारी मिली है, विभाग की टीम निगरानी कर रही है। इससे पहले नयापुरा क्षेत्र चंबल कॉलोनी में गत दिनों से पैंथर का मूवमेंट चल रहा है। विभाग ने पैंथर को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है, लेकिन अब तक पैंथर पकड़ में नहीं आया है। कैमरा ट्रैप से भी पैंथर पर निगरानी की जा रही है।