Murder, Gangster Bhanu pratap, Gangster Shivraj Singh: हिस्ट्रीशीटर रणवीर चौधरी की हत्या को पुलिस शिवराज और भानूप्रताप गैंग के बीच लंबे समय से चली आ रही अदावत को भी मान रही है।
कोटा. हिस्ट्रीशीटर रणवीर चौधरी की हत्या को पुलिस शिवराज और भानूप्रताप गैंग के बीच लंबे समय से चली आ रही अदावत को भी मान रही है। चौधरी दोनों ही गैंगों में शामिल रहा है और फिलहाल इनसे अलग काम कर रहा था। हालाकि पिछले कई महीनों से वह सिर्फ जमीन के काम से जुड़ा हुआ था। पुलिस चौधरी की हत्या को जमीनों पर अवैध कब्जे और उनकी खरीद फरोख्त से भी जोड़कर देख रही है। हत्या की वजह तक पहुंचने के लिए उसके नजदीकियों से आरकेपुरम थाने में देर रात तक पूछताछ चलती रही।
कोर्ट में हुई थी मारपीट, अभी मनाया था जन्मदिन
पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ दिनों पहले शिवराज गैंग के लोगों और रणवीर चौधरी के बीच कोर्ट में मारपीट भी हुई थी। इससे पहले भी दोनों गुटों में मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। जिसके चलते इस हत्याकांड को गैंगवार से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक पिछले सप्ताह ही रणवीर चौधरी ने अपना जन्म दिन भी मनाया था। उस रात भी कुछ लोगों से उसकी हाथापाई हुई थी। पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
मृतक निकला हिस्ट्रीशीटर, दर्ज हैं 16 मुकदमे
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त थाना महावीर नगर स्थित टीचर्स कॉलोनी निवासी रणवीर चौधरी के तौर पर की। चौधरी पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और जमीनों पर अवैध कब्जे के 16 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। हार्डकोर क्रिमिनल होने की वजह से महावीर नगर थाने ने हिस्ट्रीशीट भी खोल रखी है। चौधरी पहले भानू प्रताप और उसके बाद शिवराज गैंग में भी शामिल रहा है।