नवरात्र 15 अक्टूबर से शुरू होंगे। इसी के साथ डांडिया महोत्सव की धूम शुरू हो जाएगी। समाज, संस्थाओं की ओर से पांडाल सजाए जाएंगे। देवी को मनाया जाएगा। पंखिड़ा ओ पंखिड़ा…सरीखे गीत गूंजेंगे और सैकड़ों लोग एक साथ डांडिया खड़काते नजर आएंगे। विजयादशमी तक शहरभर में डांडिया महोत्सव की धूम रहेगी। कॉलोनियां, मंदिर, मल्टी स्टोरीज, क्लब की ओर से आयोजन होंगे। नौ दिनों में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में एक मोटे अनुमान के तौर पर दो लाख से अधिक लोग देवी की भक्ति में मस्त होकर डांडिया खड़काते नजर आएंगे। संस्थाएं आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है तो युवा वर्ग खरीदारी में जुटा है।
धन भी बरसेगा
गरबा व डांडिया महोत्सवों में देवी की भक्ति से बाजारों मेें धन बरसेगा। विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदरों के अनुसार शहरभर में इन नौ दिनों मेें छोटे-बड़े 250 से अधिक स्थानों पर पांडाल सजेंगे। कोटा में जिस तरह से लगातार डांडिया कार्यक्रम हो रहे हैं और लोगों में उत्साह नजर आ रहा है, करीब 10 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है।
रामचरण धर्मशाला में 18-19 अक्टूबर को
विजयवर्गीय नवयुवक मंडल व महिला मंडल की ओर से विनोबा भावे नगर स्थित विजयवर्गीय रामचरण धर्मशाला में राजस्थानी सतरंगी डांडिया 2023 का आयोजन किया जाएगा। महिला संयोजक दर्शना गांधी ने बताया कि कार्यक्रम 18 व 19 अक्टूबर को होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंडल अध्यक्ष गिरिराज विजय की मौजूदगी में बैठक का आयोजन किया गया। महिला मंडल सचिव लक्षिता, कोषाध्यक्ष विनीता विजय, कार्यक्रम संयोजिका अलका विजय, मिथलेश विजय, नवयुवक मंडल सचिव गिरीश विजय, पवन विजय, मधुसूदन विजय समेत अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम पर चर्चा की। गांधी ने बताया कि आयोजन के दौरान सेल्फी कॉर्नर, झूले और गिफ्ट आकर्षण बनेंगे। अग्रवाल समाज सेवा संस्था की ओर से झालावाड़ रोड िस्थत अग्रवाल सेवा सदन में 17 से 21 अक्टूबर तक डांडिया महोत्सव मनााया जाएगा। महामंत्री सुरेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का समय रात 8 से 11 बजे तक रहेगा। हर दिन डेढ़ से दो हजार लोग डांडिया खड़काएंगे। सिंधु सोशल सर्कल की ओर से डीसीएम रोड क्षेत्र िस्थत एक होडल में 21 व 22 अक्टूबर को डांडिया महोत्सव मनाया जाएगा। सचिव शमशेर परमानी ने बताया कि समय रात 8 से 12 बजे का रहेगा। विभिन्न आयु वर्गों में लोग डांडिया खड़काएंगे। प्रतियाेगिताओं के आयोजन भी होंगे।
बाजारों में छाई रौनक
डांडिया महोत्सव की रौनक बाजारों में दिखने लगी है। दुकानों पर आकर्षक ड्रेसेज व ज्वैलरी आकर्षित कर रही है। शहर में पिछले सालों से डांडिया को लेकर बढ़ रहे क्रेज को देखते हुए संचालकों ने प्रतिष्ठानों को सजाया है। गुमानपुरा क्षेत्र में विक्रांत जैन व गुमानपुरा कोटड़ी लिंक रोड पर पिंकी जैन के अनुसार पैटर्न में बदलाव के साथ सस्ती-महंगी ड्रेसेज उपलब्ध हो रही है। रेड, ब्लू, ब्लैक, पिंक समेत मल्टीकलर्स की ड्रेसेज पसंद की जा रही है। इस बार व्हाइट के साथ अन्य रंगों के कॉम्बिनेशन वाली ड्रेस की काफी डिमांड है। गुजराती, काठियावाड़ी, कच्छ समेत अन्य पैटर्न की ड्रेस का क्रेज है। जैन के अनुसार 400-500 रुपए से लेकर 5 से 6 हजार रुपए तक के डांडिया कोस्ट्यूम बाजार में मिल रहे हैं। लाइटिंग ड्रेस, लाइटिंग स्टीक, कांच व सितारे वाली ड्रेस को पसंद किया जा रहा है। बालाकुंड क्षेत्र में सतीश पारेता बताते हैं कि इस वर्ष अच्छा रेस्पाॅन्स मिल रहा है। इस वर्ष सोबर सिक्वेंस में घेर वाले लहंगों का खासा क्रेज नजर आ रहा है।