
छबड़ा. प्रशासनिक अधिकारियों के औपचारिक दौरों से अलग एक संवेदनशील पहल मंगलवार रात देखने को मिली, जब उपखंड अधिकारी सपना कुमारी बिना पूर्व सूचना के कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास पहुंचीं। यहां उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया, छात्राओं के साथ बैठकर रात्रि भोजन किया और उनके बीच काफी समय बिताकर शिक्षा, करियर, खेल एवं भविष्य को लेकर संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्रावास की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, अध्ययन कक्ष, पेयजल, छात्राओं की उपस्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आयोजित करियर मार्गदर्शन सत्र में एसडीएम सपना कुमारी ने छात्राओं को जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करने की प्रेरणा देते हुए कहा, सपनों को उड़ान दो, मंजिल स्वयं रास्ता बना लेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं सामान्य परिवारों की बेटियां भी अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, शिक्षण, रक्षा सेवाओं सहित हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को सफलता का मूल मंत्र बताया। इसके बाद एसडीएम ने छात्राओं के साथ रात्रि भोजन किया। उन्होंने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित प्राचार्य को निर्देश दिए कि छात्राओं के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने के लिए अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों की अतिरिक्त कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं। उनका कहना था कि इन विषयों में मजबूत आधार बनने से छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। यहां मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बद्रीलाल भी मौजूद रहे।
Updated on:
30 Jul 2026 06:00 am
Published on:
30 Jul 2026 06:00 am
