
सावन का सत्कार...
बमोरीकलां. समीपवर्ती हांडीपाली स्थित पालेश्वर महादेव का मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केन्द्र है। नागर शैली के इस मंदिर पर सालभर श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है लेकिन श्रावण मास में स्थानीय अंचल के अलावा दूरदराज से भी श्रद्धालु आते हैं। मंदिर के गर्भगृह में दो शिवलिंगों की पूजा की जाती है, जिससे यह मंदिर विलक्षण बन गया है। यहीं पर एक ऊंची जगती पर शिव-पार्वती की प्रतिमाएं प्रतिष्ठित है, गर्भगृह के कोने में नंदी की प्राचीन प्रतिमा है। सभा मंडप के एक कोने में भी दो शिवलिंग स्थापित हैं। एक शिवलिंग पर छोटी मंदरी बनी है, जबकि दूसरा शिवलिंग इसके बाहर है। सभा मंडप में ही एक पुराना धूणी स्थल बना है। यहां बाणगंगा के जल से अभिषेक किया जाता है।
-कोटा की सीमा में, बगल में एमपी
बमोरीकलां से करीब 3 किमी. दूर यह मंदिर कोटा जिले की सीमा में है। यहां से एक किमी. दूर से ही एमपी की सीमा भी शुरू हो जाती है। बाण गंगा नदी बगल में बह रही है। ऐसे में कोटा व बारां जिले के अलावा एमपी से भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु यहां आते हैं। मंदिर तक पक्की सड़क बनी हुई है।
-पांडवों के समय का मंदिरबुजुर्ग मंदिर को पांडवों के समय का बताते हैं। कहते हैं कि केवल पत्थरों से बने इस मंदिर का निर्माण पांडवों ने एक ही रात में करवाया था। पहले यहां हांडीपाली नामक गांव था और उसी के नाम पर इसका नाम हांडी पालेश्वर महादेव मंदिर हो गया। मंदिर के समीप बाणगंगा नदी के तट पर एक पवित्र जलकुण्ड बना है। कहा जाता है कि यह कभी सूखता नहीं है। इस कुण्ड में स्नान करने से चर्म रोग से मुक्ति मिलती है।
-यह हैं मंदिर का आकर्षण
मंदिर का स्थापत्य एवं मूर्तिशिल्प देखते ही बनता है। मंदिर के गर्भगृह, द्वार, सभा मंडप व बाहरी द्वार पर भी आकर्षक प्रतिमाएं बनी हैं। मंदिर के पूरे परिक्रमा स्थल में देवी-देवताओं, नर्तकियों, वादकों आदि की मूर्तियां तथा सूक्ष्म कारीगरीयुक्त स्तंभ बने हैं। मंदिर के बाहर भैरव और हनुमानजी की मूर्तियों के साथ-साथ अस्पष्ट लिपि का शिलालेख भी है। मंदिर की छत भी अत्यंत कारीगरीपूर्ण है। मंदिर की छत पर यक्ष, किन्नर, किचक, विद्याधर, देवी, देवता, अप्सरा, गायन, वादन की अनेक कलात्मक मूर्तियां उकेरी गई हैं। यह मंदिर पुरातत्व विभाग के संरक्षित स्मारकों में शामिल है। इस मन्दिर के पास ही शिवरात्रि पर तीन दिवसीय मेला भी लगता है।
Updated on:
10 Aug 2026 06:00 am
Published on:
10 Aug 2026 06:00 am
