
हरनावदाशाहजी (बारां). क्षेत्र के रामपुरिया गांव में रविवार सुबह करीब सवा 8 बजे 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आने से एक किसान की दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार फूलचंद लोधा की भैंसें घर के पास बंधी हुई थीं। अचानक बिजली लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया और करंट फैल गया। तार सीधा भैंसों पर गिरा जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने विद्युत निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से तार ढीले चल रहे थे, कई बार शिकायत के बाद भी विभाग ने ध्यान नहीं दिया। अगर समय रहते तारों को ठीक कर दिया जाता तो ये नुकसान नहीं होता। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच पाए। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने दीगोदजागीर ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचकर हरनावदाशाहजी-अकलेरा मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि मृत पशुओं के मालिक को उचित मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए जर्जर लाइनों को तुरंत बदला जाए। बाद में हरनावदाशाहजी थानाधिकारी भंवरसिंह जाखड एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की। तब जाकर यातायात बहाल हो पाया।
Updated on:
10 Aug 2026 06:01 am
Published on:
10 Aug 2026 06:01 am
