
Kota Mandi News: भामाशाहमंडी में मंगलवार को ढाई लाख कट्टे जिंस की आवक हुई। भारी आवक से मंडी ठसाठस भर गई है। लगातार आवक होने से मंडी से अनाज का उठाव नहीं हो रहा है। इस कारण किसान कृषि जिंस से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व ट्रक लेकर पांच-सात दिन से मंडी के बाहर खड़े हैं। दिवाली की खरीदारी के लिए किसान हाड़ौती व मध्यप्रदेश से कृषि जिंस लेकर यहां आ रहे हैं। किसानों के सामने दिक्कत यह हो रही है कि माल नहीं मिलने से वह दिवाली की खुशियां कैसे मनाएंगे। मंगलवार को मंडी में करीब 1.75 लाख बोरी धान की नीलामी हुई। इतना ही धान मंडी के बाहर ट्रकों व ट्रैक्टर- ट्रॉलियों में भरा हुआ था। जिंसों से भरे वाहनों को पांच-सात दिन में भी मंडी में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। माल का उठाव करने के लिए मंडी में कृषि जिंसों से भरे वाहनों की एंट्री केवल देर रात 3 से 6 बजे ही दी जा रही है।
मध्यप्रदेश से 70 प्रतिशत धान की आवक : यहां 70 प्रतिशत धान मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आ रहा है। हाड़ौती अंचल से अभी मात्र 30 प्रतिशत ही धान की आवक हो रही है।
पांच दिन में डेढ़ किमी वाहन खिसके
मध्यप्रदेश के श्योपुर से धान का ट्रक भरकर लाए किसान नवलकिशोर ने बताया कि 2 नवम्बर को डेढ़ किमी पीछे वाहनों की कतार में लगे थे। पांच दिन बाद मंगलवार को मंडी गेट के निकट पहुंच पाए हैं यानि पांच दिन में केवल डेढ़ किमी वाहन आगे खिसक पाए हैं।
मंडी के गेट खोलते ही आ रही झगड़े की नौबत
मध्यप्रदेश के बीना क्षेत्र से धान लेकर आए किसान मदन सिंह ने बताया कि देर रात 3 बजे मंडी गेट खोलते हैं और सुबह 5.30 व 6 बजे ही बंद कर देते है। कुछ वाहन ही अन्दर लेते हैं। 5-6 दिन से ज्यादा हो गया, कतार में लगे हुए। चालक व किसान परेशान हो रहा है। जब गेट खोलते हैं तो गाड़ी आगे लेने के चक्कर में झगड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें : इस साल ये फसल किसानों को करेगी मालामाल, तोड़ेगी सारे रेकॉर्ड, किसान दे रहे प्रमुखता
5-5 वाहनों को एंट्री
कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेन्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि मंडी प्रशासन केवल मंडी के अंदर व्यवस्था कर सकता है। बाहर की व्यवस्था पुलिस प्रशासन की है। प्रत्येक लाइन से 5-5 वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : इस जिले में 15-20 मिनट की बारिश ने किसानों और व्यापारियों को पहुंचाया लाखों रुपए का नुकसान
भूखे-प्यासे खड़े
मध्यप्रदेश के श्योपुर से आए किसान लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सड़क पर वाहनों की 5 कतार लगी हुई हैं। इनमें से मात्र 3 कतारों में खड़े वाहनों को ही अंदर एंट्री मिल रही है। भूखे-प्यासे यहां बैठे हैं। पता नहीं कब नंबर आएगा।
Published on:
08 Nov 2023 02:11 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
