7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में यहां दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और दो मासूमों की मौत, मां गंभीर घायल

डंपर ने छीनी खुशियां : बाइक को पीछे से टक्कर मारकर पूरे परिवार को रौंदा, रिश्तेदार के घर और मोबाइल दुकान के उद्घाटन समारोह में जा रहा था परिवार

2 min read
Google source verification
Accident in kota Patrika

Accident in kota Patrika

शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दोपहर करीब 2:30 बजे डीसीएम से भामाशाहमंडी जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उसके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर घायल हो गई। महिला का एक पैर पूरी तरह कट गया, जबकि दूसरा कई स्थानों से फ्रैक्चर हो गया।

पुलिस ने बताया कि रानपुर निवासी कृष्ण कहार (32) पत्नी ज्योति (30), तीन वर्षीय बेटी यशस्वी और चार माह के बेटे पार्थ के साथ ससुराल कंसुआ जा रहे थे। वहां उनके एक रिश्तेदार के घर और मोबाइल दुकान के उद्घाटन समारोह में परिवार को शामिल होना था, लेकिन उत्सव की यह खुशियां भयावह हादसे से मातम में बदल गई।

घर से महज डेढ़ किमी दूर हुआ हादसा

ज्योति की रिश्ते में बहन सपना ने बताया कि हादसा श्रीराम फैक्ट्री के पास हुआ, जो उनके घर से महज डेढ़ किमी की दूरी पर है। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी और पूरे परिवार को रौंद दिया। कृष्ण, यशस्वी और पार्थ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ज्योति गंभीर घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

वेयरहाउस में सुपरवाइजर के पद पर था मृतक

परिजनों ने बताया कि कृष्ण कहार एक निजी कंपनी के वेयरहाउस में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वह मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति था। इस हादसे से हंसता-खेलता एक खुशहाल परिवार उजड़ गया है। पड़ोसी और रिश्तेदार गहरे सदमे में हैं। मासूम बच्चों की मौत और मां की गंभीर हालत ने हर किसी की आंखें नम कर दी।

डंपर को कब्जे में लिया, चालक की तलाश जारी

सीआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया है। जैसे ही परिजन रिपोर्ट दर्ज कराएंगे, डंपर को ज़ब्त कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।