
बड़गांव. बारिश और नवनेरा डेम से बार-बार पानी छोड़े जाने के कारण बालदडा गांव में एक बड़ा हादसा टल गया। डेम के पानी के लगातार भराव और सीपेज से एक किसान के घर के पास बनी दीवार और टीनशेड अचानक भरभराकर नीचे गिर गए। इससे वहां खड़ा एक ट्रैक्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, जिस जगह पर यह घटना हुई वहां परिवार के लोग और छोटे बच्चे अक्सर उठते-बैठते और खेलते हैं। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त कोई भी सदस्य उस परिसर में मौजूद नहीं था, अन्यथा अनहोनी हो सकती थी। मकान मालिक खुशी मोहम्मद ने बताया कि वर्ष 2022 में भी डेम का पानी करीब तीन दिनों तक इस दीवार के पास भरा रहा था। पानी के लगातार संपर्क में रहने के कारण सीपेज शुरू हो गया, जिससे दीवार की नींव और आस-पास की ज़मीन अंदर कमज़ोर हो गई थी। दीवार और टीनशेड के मलबे में दबकर ट्रैक्टर पूरी तरह पिचक गया। तुरंत दो जेसीबी मशीनों को बुलाया गया, जिनकी मदद से काफी मशक्कत के बाद मलबे से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को बाहर निकाला जा सका।
Updated on:
13 Aug 2026 06:00 am
Published on:
13 Aug 2026 06:00 am
