शहर में गणगौर पर्व शक्रवार को हर्षोल्लास से मनाया। महिलाओं ने ईसर-गणगौर के रूप में भगवान शिव-पार्वती का पूजन किया। उन्होंने आराध्य को फल-फूल, मिष्ठान, गुणे व पपड़ी का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर सदा सुहागन रहने का वर मांगा तो बालिकाओं ने व्रत रखकर श्रेष्ठ वर की कामना की।
महिलाएं घर-आंगन, मंदिर परिसर, बाग-बगीचों में गणगौर माता का पूजन करती दिखी। इस दौरान गौर-गौर गोमती, ईसर पूजे पार्वती…, गौर का सोना का टीका, टीका दे टमका दे…, भंवर म्हांने पूजण द्यो गणगौर…, म्हारी गोरल ने चूनड़ी रो चाव…, म्हांरी गौर तिसाई जी… सरीखे गीत गूंजते रहे। पूजन के दौरान उत्साह, उमंग, श्रद्धा, समर्पण का संगम होता रहा। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु व खुशहाली की कामना की। कई जगहों पर शोभायात्राएं भी निकाली गई।
दान-पुण्य व बड़ों का लिया
आशीर्वादमहिलाओं ने गणगौर का पूजन कर बड़ी महिलाओं से आशीर्वाद लिया व दान-पुण्य किए। महिलाओं ने एक-दूसरे को सुहाग के प्रतीक भेंट कर खुशहाली की कामना की।
जगह-जगह सामूहिक उद्यापन
विनोबा भावे नगर स्थित स्वामी रामचरण धर्मशाला में विजयवर्गीय नवयुवक मंडल के महिला मंडल की ओर से गणगौर का सामूहिक उद्यापन किया गया। मंडल अध्यक्ष गिरिराज विजय व अन्य पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की शुरुआत की। महिला मंडल अध्यक्ष दर्शना गांधी ने बताया कि 35 महिलाओं ने सामूहिक रूप से ईसर-गणगौर का पूजन किया। जयपुर, अजमेर, बारां, मुंबई और दुबई से भी महिलाएं शामिल हुई। सचिव लक्षिता विजय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिथिलेश, अलका विजय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं।
सुभाष नगर स्थित पोरवाल मांगलिक सामुदायिक भवन में पोरवाल युवक संघ के महिला शक्ति मंच की ओर से गणगौर मनाई। संयोजिका मंगला गुप्ता ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम व गणगौर क्वीन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 9 महिलाओं ने गणगौर का उद््यापन किया। ईसर-पार्वती की बारात निकाली।
माहेश्वरी महिला मंडल की ओर से झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में गणगौर का सामूहिक उद्यापन किया गया। मंडल सचिव सरिता मोहता ने बताया कि महिलाओं ने गणगौर के गीतों पर नृत्य किया। मंडल संगठन मंत्री नीना मरचुनिया, उपाध्यक्ष संध्या लड्ढा, कोषाध्यक्ष संगीता काबरा, अखिल भारतीय माहेश्वरी महिला मंडल की निवर्तमान अध्यक्ष आशा माहेश्वरी, समाज अध्यक्ष राजेश बिरला व पश्चिमांचल उपाध्यक्ष मधु ललित बाहेती समेत अन्य लोग मौजूद रहे।