कोटा. अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य सरकार की ओर से रोडवेज बसों में महिलाओं को नि:शुल्क सफर का तोहफा दिया गया। महिलाओं ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की साधारण और एक्सप्रेस बसों में फ्री सफर किया। इससे महिलाओं के लिए होली का पर्व खास बन गया। उन्हें टिकट के लिए एक भी पैसा नहीं देना पड़ा। नि:शुल्क यात्रा के चलते कई मार्ग पर महिलाओं की भीड़ उमड़ गई। कई महिला यात्रियों को बसों में जगह नहीं मिली। रोडवेज प्रशासन को चित्तौड़ और अजमेर रूट के अलावा कई मार्ग पर 10 अतिरिक्त बसें लगाई पड़ी।
फ्री सफर की सुविधा 7 मार्च रात 12 बजे से 8 मार्च रात 11.59 बजे तक जनरेट होने वाली टिकटों पर मिलेगी। फ्री सफर की सुविधा का लाभ केवल राजस्थान राज्य की सीमा के लिए ही लागू रहेगा। यदि कोई महिला राजस्थान से दिल्ली, आगरा, मथुरा या दूसरे राज्यों के शहरों में जाती है तो उसे राज्य की सीमा तक किराया नहीं देना पड़ा। उसके आगे का किराया महिला से लिया जाएगा। महिला अर्चना ने बताया कि मुझे चितौड़ जाना था, लेकिन काफी समय से बसों में सीट नहीं मिली। बसें फुल जा रही है।
पता किया तो बताया है कि ऑनलाइन बुकिंग के चलते सीटें खाली नहीं है। महिला टीना चांद ने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य सरकार की ओर से महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था करना काफी खुशी की बात है। होली पर यह सुविधा मिलने पर महिलाओं में उत्साह दोगुना हो गया है। इधर, नयापुरा रोडवेज बस स्टैण्ड इंचार्ज नासिर अली ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए नि:शुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई। भीड़ के चलते अजमेर, पुष्कर, चितौड़, सावरियां, इन्द्रगढ़, सवाईमाधोपुर, गोपालपुरा माताजी रुट पर अतिरिक्त रोडवेज बसें लगाई गई।