हाड़ौती अंचल में तेज बारिश का दौर सोमवार को भी जारी रहा। कोटा में तड़के तेज बारिश हुई। बारिश का दौर सुबह 7 बजे तक जारी रहा। उसके बाद बादल छाए रहे। दोपहर में मौसम खुला और तेज धूप खिली, लेकिन शाम ढलने के बाद वापस घटाएं आई और 6 बजे तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के चलते लोगों को रेन कोट निकालने पड़े। कई लोग बारिश थमने के इंतजार में ठहर गए।आधे घंटे तक बारिश का दौर चला।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में 6.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। कोटा शहर में इस सीजन में अब तक 530.7 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। कोटा जिले में खातौली कस्बे में झरेर पुल पर चम्बल का पानी होने से खातौली-सवाईमाधोपुर मार्ग बंद रहा।
बारां जिले में दोपहर तक बादल छाए रहे। रविवार रात को जिले के 8 उपखण्डों में हल्की बरसात हुई। अटरु में 7, बारां में 4, अन्ता में 1, मांगरोल में 2, छबड़ा में 2, छीपाबड़ौद में 3, शाहाबाद में 5, किशनगंज में 4 एमएम बरसात हुई है।बूंदी जिले में दिनभर रुक-रुक कर फुहारें गिरती रही। सुबह करीब दस बजे तक फुहारें गिरी। बीच में कुछ देर के लिए धूप निकली, लेकिन फिर से बादल छा गए। बाद में करीब तीन बजे घने बादल छाए, लेकिन शहर में फिर से रिमझिम बारिश करते हुए आगे निकल गए।
झालावाड़ जिले में दिनभर बादल छाए रहे। शाम 5 बजे तक गंगधार में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं 24 घंटे में झालावाड़ में 5, रायपुर में 2, अकलेरा में 3, असनावर में 2, डग में 5, गंगधार में 4, झालरापाटन में 6, मनोहरथाना में 5, पचपहाड़ में 5, पिड़ावा में 2, सुनेल में 9 एमएम बारिश दर्ज की गई। आवर में आहू नदी की रपट क्षतिग्रस्त होने से दूसरे दिन भी वाहन नहीं निकल सके। जिले में अभी तक औसत बारिश 685.41 एमएम बारिश दर्ज की गई।