जवाहर नगर थाना क्षेत्र में अभय कमांड सेंटर-दादाबाड़ी लिंक रोड पर शुक्रवार दोपहर बाइक सवार युवक की दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की जेब से मिली आईडी से उसकी पहचान बारां जिले के समरानिया निवासी के रूप में हुई है।
बाइक दीवार से टकराई
प्रत्यक्षदर्शी भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि अभय कमाण्ड सेंटर लिंक रोड से जवाहर नगर की तरफ जा रहे थे। एक बाइक सवार तेज गति से हमें क्रॉस करते हुए निकला। हम लिंक रोड घुमाव पर पहुंचे तो बाइक दीवार से टकराई और युवक बाइक के साथ दूर तक घसीटता हुआ गया और गम्भीर घायल हो गया। हमने पुलिस को फोन किया लेकिन पुलिस मौके पर नहीं आई। इसी दौरान राकेश नाम का कांस्टेबल उधर से गुजर रहा था। उसने कहा इसे तुरंत एमबीएस लेकर चलों में आप लोगों के साथ चलता हूं। इस पर मेरे साथ खालिद अली, राजेश नामा व एक अन्य युवक की मदद से घायल को एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे और इमरजेंसी में भर्ती कराया। चिकित्सों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जेब में मिली आईडी से हुई पहचान
प्रत्यक्षदर्शी भूपेन्द्र ने बताया कि युवक की मृत्यु के बाद उसकी पहचान के लिए उसकी तलाशी ली तो जेब में मिले पर्स में 10860 रुपए नगद, आईडी व एक फोन मिला। आईडी से युवक की पहचान बारां जिले के समरानिया स्थित पुराने अस्पताल के पास निवासी बी निखिल जिंसन के रूप में हुई। मृतक की बाइक उदयपुर नम्बर की थी।
परिजनों को सूचित किया
इधर, थानाधिकारी हरिमोहन शर्मा ने बताया कि युवक की पहचान हो गई है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के कोटा पहुंचने पर शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। कोटा में क्या कर रहा था इसकी जानकारी परिजनों के आने पर ही पता चल पाएगी।