26 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लोकसभा स्पीकर की पहल, 75 हजार पौधे लगेंगे

आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए कोटावासियों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों, उद्यमियों, व्यापारियों, आमजन सहित समाज के सभी वर्गों ने संसदीय क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए 75 हजार पौधे लगाने और वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण करने का प्रण किया।

3 min read
Google source verification
green_kota.jpg

कोटा. आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए कोटावासियों ने रविवार को पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों, उद्यमियों, व्यापारियों, आमजन सहित समाज के सभी वर्गों ने संसदीय क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए 75 हजार पौधे लगाने और वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण करने का प्रण किया। देवली अरब में नगर वन परिसर में रविवार को पौधरोपण महाभियान के दौरान पौधे लगाने को लेकर स्कूली बच्चों व लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। यहां एक ही दिन में तीन हजार फल, फूल व छायादार पौधे रोपे गए। किसी ने अकेले तो किसी ने समूह में पौधा लगाया। एक भावना जो सभी में दृष्टिगत हो रही थी, वह यह कि पृथ्वी को बचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। पौधरोपण अभियान का आगाज करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी उसी भावना हो मजबूत करते हुए कहा कि यदि सब एक पौधा भी लगा दें तो आने वाली कई पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित कर देंगे। बिरला ने कहा कि हमारी संस्कृति में पेड़, जल, मिट्टी, पानी सहित प्रकृति के सभी तत्वों की पूजा की जाती है। पर्यावरण का संरक्षण हमारी परम्पराओं में है, जिनका निर्वहन करते हुए लोगों ने अपने प्राण तक बलिदान कर दिए। हमें उसी संस्कृति और परम्परा की और लौटना होगा। बिरला ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हमें हरी-भरी धरती दी थी। हमारा भी दायित्व है कि हम अपने बच्चों को हरी-भरी धरती सौंपे। प्रकृति ने हमें सब कुछ दिया है, अब प्रकृति को लौटाने की जिम्मेदारी हम सब की है। इसमें सभी को अपना-अपना योगदान देना होगा।

घर से करनी होगी शुरुआत
स्पीकर बिरला ने कहा कि आज हम घर बनाने में बेतहाशा खर्चा करते हैं, लेकिन आसपास पेड़ लगाने की बात आने पर ट्री-गार्ड के लिए सरकारी एजेसियों की ओर देखने लगते हैं। कंक्रीट के जंगल खड़े करने से कोई लाभ नहीं होगा। अच्छे काम की शुरुआत हमें घर से ही करनी होगी।

पेड़ बचाने को लेकर हो प्रतिस्पर्धा
बिरला ने कहा कि भौतिक संसाधनों की होड़ की जगह हमें पेड़ बचाने को लेकर प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारत आज विश्व का नेतृत्व कर रहा है। देश विकास के मार्ग पर भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विश्व का मार्गदर्शन भी कर रहा है।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति अज्ञानी बनकर रहना घातक
कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का महत्व सभी समझते हैं, परन्तु इसके प्रति अज्ञानी बनकर रहना घातक है। हमें स्वयं भी जागरूक रहना होगा, दूसरों को भी जागरूक करना होगा, तब जाकर हम इस पृथ्वी की रक्षा कर पाएंगे। कोरोना काल में भी हमने देखा कि किस तरह से लोग ऑक्सीजन के लिए तड़प रहे थे।


ये भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, भाजपा नेता हीरालाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी, महेश विजय, सुनीता व्यास, डीएफओ जयराम पांडे और मोशन एजुकेशन ग्रुप के फाउंडर व सीईओ नितिन विजय सहित अन्य वन अधिकारी उपस्थित रहे।


यह संस्थाएं बनीं सहभागी
कोटा व्यापार महासंघ, जनरल मर्चेन्ट एसोसिएशन, सकल दिगम्बर जैन समाज, दीएसएसआई एसोसिएशन, जैन सोशल ग्रुप संगिनी, माहेश्वरी समाज, आर्य समाज, गुजराती समाज, लाॅयंस क्लब टेक्नो, वैश्य समाज, ब्राह्मण समाज, दिगंबर जैन समाज, स्मॉल स्केल इंडस्ट्री एसोसिएशन, गुमानपुरा दुकानदार संघ समेत डेढ़ सौ से अधिक सामाजिक संस्थाएं, क्लब और प्रबुद्धजन अभियान में सहभागी बने।

स्पीकर बिरला का किया स्वागत
देवली अरब क्षेत्र में नगर वन परिसर जाते समय रास्ते में सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का जगह-जगह स्वागत किया गया। भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक मीणा के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष राम मीणा, विधि प्रकोष्ठ के कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्रसिंह भानावत, कोटा देहात धनराज मीणा, जिला अध्यक्ष बूंदी महावीर मीणा, जिला महामंत्री दीपू मीणा, भाजपा मोर्चा जिला अध्यक्ष रामलाल कटवाडा, जिलाध्यक्ष चंपालाल वर्मा, ओम खटाना, योगेंद्र नंदवाना, बिरधीलाल गोस्वामी ने स्वागत किया।

ऐसा होगा नगर वन परिसर
डीएफओ जयराम पांडे ने बताया कि नगर वन परिसर में 32 हैक्टेयर भूमि पर 15 अगस्त तक 6400 फल, फूल व छायादार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को महाअभियान के तहत तीन हजार पौधे लगाए गए। यहां पंचवटी, नक्षत्र, रास, नवग्रह वाटिकाएं विकसित की जाएंगी। आमजन के बैठने के लिए बैंचें भी लगाई जाएंगी। पंच वाटिका में बरगद, पीपल, करंज, गुलेर के पौधे राेपे गए। फल में आम, सीताफल, रैनी, इमली, जामुन के पौधे रोपे। देवली अरब में स्मृति वन से नर्सरी को भी जोड़ा जाएगा। इसमें दो आगे-पीछे दो गेट रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से दीवार ऊंची बनाई जाएगी और सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे।