11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota Doria Saree: लूम की मालिक बनो, मार्केटिंग मैं बताऊंगी : दर्शना जरदोश

Kota Doria Saree: देश की पहचान कोटा डोरिया साड़ी आप लोग वर्षों से बुन रही हैं, लेकिन लूम की मालिक अभी तक नहीं बन पाई।

2 min read
Google source verification
रेल व वस्त्र राज्यमंत्री ने कैथून कॉमन फेसिलिटी सेंटर का किया अवलोकन

Kota Doria Saree: लूम की मालिक बनो, मार्केटिंग मैं बताऊंगी : दर्शना जरदोश

Kota Doria Saree: देश की पहचान कोटा डोरिया साड़ी आप लोग वर्षों से बुन रही हैं, लेकिन लूम की मालिक अभी तक नहीं बन पाई। पहले लूम की मालिक बनो, मार्केटिंग का रास्ता मैं बताऊंगी। रेल व वस्त्र राज्यमंत्री दर्शना जरदोश ने यह बात बुधवार शाम कैथून में कोटा डोरिया साड़ी की प्रदर्शनी का अवलोकन करने व बुनकर महिलाओं से चर्चा के बाद कही।

मंत्री दर्शना ने कॉमन फेसिलिटी सेंटर (सीएससी) में कोटा डोरिया प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद कोटा महिला बुनकर संस्था की पदाधिकारियों को बुलाकर पूछा कि यहां कितनी महिलाएं काम करती हैं, कितने हैण्डलूम हैं और आप लोग पुराने हैण्डलूम पर बुनाई करती हो या नई तकनीक के हैण्डलूम पर। इस पर महिलाओं ने कहा कि अभी तो पुरानी तकनीक के हैण्डलूम पर ही काम कर रहे हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि आप लोग नई तकनीक के हैण्डलूम लगाए और अच्छी क्वालिटी, अच्छा प्रोडक्शन और अच्छी मार्केटिंग से आगे बढ़ पाओगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की समर्थ योजना में 45 दिन का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां सीएससी में तो लूम ही खराब पड़े हैं तो आप लोगों को प्रशिक्षण कैसे दिया। इस समस्या के बारे में आप लोगों ने न तो स्थानीय विधायक को बताया और न ही राज्य सरकार को। कोटा डोरिया का वर्चस्व बरकार रखना है तो आप लोगों को आगे बढऩा होगा।

पहले लूम की मालिक तो बनो
बुनकर महिलाओं ने मंत्री को बताया कि लूम के मालिक हम नहीं है। यहां 40-50 मास्टर विवर (निपुण बुनकर) हैं लूम उनके हैं, हम मजदूरी करती हैं और मार्केटिंग करना भी नहीं जानती। इस पर मंत्री ने कहा कि पहले आप लोग लूम की मालिक बनो, मार्केटिंग का रास्ता मैं बताऊंगी। उन्होंने दीया कुमारी फाउण्डेशन का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके ग्रुप में हजारों महिलाएं जुड़ी हुई हैं। वे प्रदर्शनियां लगाती हैं और अच्छी मार्केटिेंग भी करती हैं। आप सब लोग उस ग्रुप से जुड़ो और आपकी विधायक भी उस ग्रुप से जुड़ जाएंगी। उन्होंने गुजरात के कच्छ का उदारहण देते हुए कहा की वहां बाढ़ से सब घर नष्ट हो गए थे, लेकिन महिलाओं ने दुबारा हैण्डलूम का कलस्टर बनाकर इंटरनेशनल मार्केट तैयार किया।

बुनकर कार्ड व प्रमाण पत्र बांटे
कार्यक्रम में दर्शना ने बुनकरों को बुनकर कार्ड व प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर, अल्कू नन्दवाना, बुनकर रत्न नसरूद्दीन अंसारी सहित कोटा महिला बुनकर संस्था की पदाधिकारी व महिलाएं उपस्थित रही।