
कोटा. लोकतंत्र के महापर्व में मतदान के रूप में आहुतियां देने के लिए कई मतदाता सात समंदर पार तो कई मतदाता कोटा से सैकड़ों किलोमीटर दूर से घर आए हैं। देश का भविष्य चुनने को लेकर मतदाताओं में उत्साह का माहौल है। यह लोकतंत्र की मजबूती है कि मतदाता सारे कामकाज छोड़कर वोट डालने के लिए अपने शहर पहुंच रहे हैं।
हालांकि इन मतदाताओं का कहना है कि तकनीक का युग आ गया है। इसलिए चुनाव आयोग को अब प्रवासी मतदाताओं को ऑनलाइन मतदान का ऑफ्शन देना चाहिए, ताकि मतदाताओं को सात समंदर पार कर कोटा नहीं आना पड़े।
बिजनेस वुमन USA से आई शॉपिंग सेन्टर निवासी अनुराधा शर्मा ने बताया कि भारत में जिस तरह लोकतंत्र का उत्सव मनाया जाता है, यह दुनिया में मिसाल है। यूएसए में राजनीतिक जागरूकता काफी है। वहां Politics रैलियां भी निकलती हैं। मैं भारतीय नागरिक होने के नाते यूएसए से कोटा आई हूं। मुझे गर्व महसूस हो रहा है कि मैं लोकतंत्र में Government चुनने के लिए मिले अधिकार का प्रयोग करूंगी।
रिसर्च मैनेजर, RBI Mumbai, निवासी काला तालाब जयप्रकाश नागर ने बताया कि मतदान करने के लिए मुम्बई से छुट्टी लेकर कोटा आया हूं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमें सरकार चुनने का अधिकार दिया गया है। लोकतंत्र को मजबूत करने में एक-एक मतदाता की अहम भूमिका होती है। वोट डालने को लेकर उत्साहित हूं। हर मतदाता को अपने मतदाधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए।
दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में सही सरकार चुनने और योग्य जनप्रतिनिधि को संसद में भेजने के लिए वोट डालने के लिए मुम्बई से कोटा आया हूं। पहली बार वोट डालने को लेकर उत्साहित हूं। देश-दुनिया में आज भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। लोकतंत्र में हर मतदाता को वोट डालना चाहिए।
खुश जैन, एमबीए स्टूडेंट मुम्बई, न्यू राजीव गांधी नगर
हम पांच साल जनप्रतिनिधियों और सरकार को कौसते हैं। यदि हम सुयोग्य और व्यापक दृष्टिकोण वाले जनप्रतिनिधियों को चुनेंगे तो संसद में अच्छे जनप्रतिनिधि जाएंगे। इससे देश की नीतियां भी बेहतर बनेंगी। देश का भविष्य युवा बनाते हैं। मतदान करने में भी युवा मतदाताओं की अहम भूमिका होनी चाहिए।
सौम्य पाटनी, आईआईटी
स्टूडेंट मुम्बई, इन्द्रविहार निवासी
हर किसी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। मैं गुडग़ांव मैं नौकरी करता हूं, लेकिन मेरा नाम अपने पैतृक शहर की मतदाता सूची में है। मैं हमेशा वोट डालता हूं और इस बार भी गुडग़ांव से वोट डालने आया हूं। जब सब लोग वोट डालेंगे, तभी पूरे के देश द्वारा चुनी गई सरकार बनेगी।
गौरव गौड़, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गुडग़ांव, सरस्वती कॉलोनी