
कोटा .
नगर निगम की सफाई समिति (द्वितीय) की बैठक मंगलवार को प्रशासनिक भवन में महापौर महेश विजय की अध्यक्षता में हुई। पार्षदों ने अब तक सफाई श्रमिकों की बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी की व्यवस्था लागू नहीं करने पर सवाल उठाते हुए जल्द लागू करने की मांग की। बैठक में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था शुरू करने और डोर टू डोर की व्यवस्था शुरू करने पर भी चर्चा हुई।
महापौर ने सभी समिति सदस्यों एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य कराया जाना है। इसके लिए सभी पूर्ण प्रयास करें और इसे सफल बनाएं। साथ ही वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले डेरेदारों के साथ बैठक की जाए और समझाइश की जाए कि वे निगम से जुड़कर बिना किसी आर्थिक नुकसान के सफाई कार्य में जुड़े।
समिति अध्यक्ष इन्द्र जैन ने बताया कि बैठक मे सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि रामपुरा जोन के समस्त 22 वार्डों में हूपर, हाथ ठेला व साईकिल रिक्शा के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण किया जाएगा। बूंदी रोड़ के मुख्य मार्ग के अलावा सभी मुख्य मार्गों पर पर्याप्त संख्या मे कचरा पात्र रखे जाएंगे।
ऐसे होगी सफाई
रामपुरा जोन कोटा उत्तर के क्षेत्र में स्टेशन से चक्री बड़ एवं बोरखेडा से बडगांव तक के क्षेत्र मे दिन में मुख्य मार्ग की सफाई की तथा स्टेशन से खेडली फाटक तक के मार्ग पर रात्रि कालीन सफाई की कार्य योजना तैयार कर प्रतिदिन सफाई कराई जाए।
कैसे सफाई होगी
अध्यक्ष जैन ने बताया कि रामपुरा जोन के सभी सेक्टर क्षेत्रों मे कार्य कर रहे संवेदकों के स फाई श्रमिकों की उपस्थिति बॉयोमेट्रिक मशीन से कराने तथा संवेदकों द्वारा प्रत्येक माह की 5 तारीख तक बिल प्रस्तुत करने होंगे। सेक्टर 1 व 4 के क्षेत्र में कचरा उठाने के लिए प्रतिदिन जेसीबी मशीन लगाने का निर्णय किया गया। सदस्य राकेश पुटरा ने कि बातों से कुछ नहीं होगा, सफाई के लिए संसाधन और लेबर की जरूरत है। बैठक में सदस्य पार्षद मधु कुमावत, चिमनलाल बैरवा, सुनीता मीना, वंदना अग्रवाल, ममता महावर, सीताराम शर्मा, दीनदयाल चौबदार तथा पदेन सचिव प्रेम शंकर शर्मा आदि मौजूद थे।
Published on:
28 Nov 2017, 7:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.