कोटा. कोटा में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए है। इससे कोटा को देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में एक अलग पहचान मिलेगी। हैरिटेज चंबल रिवर फ्रंट और ऑक्सीजोन सहित पर्यटन विकास के कार्यों ने कोटा शहर का स्वरूप ही बदल दिया है। कोटा अब जल्दी देश का बड़ा टूरिस्ट डेस्टिनेशन बन जाएगा। यह बात शनिवार को आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़ ने ऑक्सीजोन भ्रमण के दौरान कही।
चेयरमैन राठौड़ ने कहा कि कोटा स्तरीय पर्यटन स्थल बनने जा रहा है। अब जल्द ही विदेशी सैलानियों को पर्यटन स्थलों पर भ्रमण करवाने वाली पैलेस ऑन व्हील का ठहराव भी कोटा में होगा। ट्रेन के कोटा में ठहराव को लेकर प्लान तैयार कर लिया है।
कोटा की तर्ज पर पुष्कर को किया जाएगा विकसित
चेयरमैन राठौड़ ने कहा कि कोटा शहर का स्वरूप पर्यटन विकास के इन प्रोजेक्ट से बदल गया है। कोटा की ही तर्ज पर पर्यटन नगरी पुष्कर को भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए वह सीएम अशोक गहलोत और नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल से सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।
चंबल रिवर फ्रंट व ऑक्सीजोन देख अभिभूत हुए
उन्होंने शुक्रवार शाम को कोटा आरटीडीसी होटल को नया स्वरूप देने के लिए इसका अवलोकन किया। इसके बाद हैरिटेज चंबल रिवर फ्रंट का अवलोकन कर विश्व स्तरीय मॉन्यूमेंट्स, तरह-तरह के घाट और भारतीय राजस्थानी और राजस्थानी संस्कृति के कलात्मक कार्य, विश्व स्तरीय मोन्यूमेंट्स फाउंटेन का अवलोकन किया। शनिवार सुबह राठौड़ ऑक्सीजोन पार्क के विभिन्न पॉइंट्स, मॉन्यूमेंट्स, हरियाली, वाटर एरिया का न्यास अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर देखा और कहा कि ऐसा पार्क मैंने देश में और कहीं नहीं देखा। राठौड़ ने कहा, कोटा पर्यटन के क्षेत्र में विश्व स्तरीय पहचान बनाने जा रहा है। इस दौरान उनके साथ नगर विकास न्यास सचिव राजेश जोशी, पुलिस उप अधीक्षक आशीष भार्गव, अधीक्षण अभियंता रविंद्र माथुर व विनोद कुमार गौड़ सहित न्यास अधिकारी मौजूद रहे।