राव माधोसिंह म्यूजियम ट्रस्ट के तत्वावधान व पूर्व राजपरिवार के सदस्य इज्यराज सिंह के संयोजन में बुधवार को गढ़ पैलेस में महाराव बृजराज सिंह की स्मृति में संगीत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पटियाला घराने की युवा शास्त्रीय गायिका कौशिकी चक्रवर्ती ने शास्त्रीय व उप शास्त्रीय गायन से सुधि श्रोताओं मंत्रमुग्ध कर दिया।उन्होंने राग रागेश्वरी, एक ताल विलंबित एवं मध्य लय, रुपक में गुरु ज्ञान प्रकाश घोष की बंदिश मींड गमक आलाप तानों के साथ प्रस्तुत दी।
तबले हारमोनियम के साथ कौशिकी ने संवाद कर बहुत श्रोताओं को प्रभावित किया। कौशिकी ने रंगी सारी गुलाबी चुनरिया रे मोहे मारे नज़रिया सावरिया रे…, सावनऐरी रूत आई भंवरसा तथा राजस्थान की मांड शैली में बड़े गुलाम अली की प्रसिद्ध ” ठुमरी” याद पिया की आये..सुनाई। उन्होंने समापन राग भैरवी में मीरा के भजन से किया। अजराडा घराने के प्रयोग धर्मी तबला वादक ओजस ओढया, सारंगी पर उस्ताद मुराद अली, हारमोनियम पर तन्मय देव चके, तानपुरे पर शास्त्रीय गायिका मेघोदीपा गंगोपाध्याय व आस्था सक्सेना ने संगत की। संचालन राजकीय कला कन्या महाविद्यालय कोटा की संगीत विभागाध्यक्ष प्रेरणा शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में पूर्व राजपरिवार सदस्य उत्तरा देवी, इज्यराज सिंह, विधायक कल्पना देवी, जयदेव सिंह मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि झालावाड़ के चन्द्र सिंह, महिजीत सिंह, आलोक श्रीराम, करुणा श्रीराम, नीरज सुवालका, डीआरएम मनीष तिवारी, डीसीएम सीईओ वीके जेटली, कुमकुम जेटली, अभिमन्यू सिंह बम्बोलिया, दिलीप सिंह कुन्हाड़ी, ठाकुर वीपी सिंह, शास्त्रीय गायिका संगीता सक्सेना, ट्रस्ट के आशुतोष आचार्य समेत अन्य लोग मौजूद रहे।