
mosam: कोहरा व बादल ने बढ़ाई सर्दी
कोटा. पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हाड़ौती अंचल में शुक्रवार को घना कोहरा व बादलों ने एक बार फिर सर्दी बढ़ा दी है। कड़ाके की सर्दी के चलते लोग दिनभर घरों में दुबके रहे। अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन किया। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश की संभावना जताई है। इससे आगामी दिनों में सर्दी का असर और बढ़ेगा।
कोटा में सुबह 6 बजे तक मौसम साफ रहा, लेकिन उसके बाद अचानक शहर घने कोहरे के आगोश में आ गया। हालात यह थे कि दृश्यता कम होने से पास की चीजें भी दिखाई नहीं दे रही थी। वाहन चालकों को हैडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। वाहनों की गति भी धीमी रही। कोहरा सुबह 11 बजे तक रहा। उसके बाद दिनभर बादल छाए रहे। ठंडी हवा शूल सी चुभती रही। इससे सर्दी का असर होता रहा। घरों व प्रतिष्ठानों के सामने लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन किया।
गलन व सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। दिनभर लोग गर्म कपड़ों में लदे नजर आए। बच्चों व बुजुर्गों ने सर्दी से बचने का जतन किया। वे घरों के अंदर ही रहे। बाजारों में भी लोग कम ही निकलने। इससे अन्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही कम रही। शाम ढलने के बाद गलन का असर और बढ़ गया। कड़ाके की सर्दी के चलते लोग जल्द घरों में दुबक गए।
ऐसे गिरा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, नए कोटा में अधिकतम तापमान 9 डिग्री गिरकर 16.3 व न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दृश्यता 150 मीटर रही। हवा की रफ्तार 2 किमी प्रति घ्ंाटे की रही। स्टेशन पर अधिकतम तापमान 9 डिग्री गिरकर 14.5 व न्यूनतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
आगे यह रहेगा मौसम
मौसम विभाग जयपुर केन्द्र ने कोटा, बूंदी, अजमेर, अलवर, भरतपुर, जयपुर समेत अन्य जिलों में शनिवार को मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। इसके अलावा जयपुर, अलवर, झुंझुनू, सीकर, चुरू जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भी छाया रहा कोहरा
बारां, बूंदी व झालावाड़ जिलों में भी दोपहर तक कोहरा छाया रहा। उसके बाद धूप खिली। इससे सर्दी से राहत रही। तापमान बढऩे से लोगों को गलन कम हुई।
Published on:
21 Jan 2022 07:24 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
