
कोटा . नार्दन बाईपास का काम शुरू होने से पहले मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर रामखेड़ली, ब्रजेशपुरा, नयागांव और पीपलदा के किसानों ने लाड़पुरा विधायक का घेराव किया। किसानों ने कहा कि उनके कहने पर ही ग्रामीणों ने यूआईटी को काम शुरू करने दिया है, इसलिए अब वही मुआवजा दिलवाएं। वहीं दूसरी ओर कड़ी सुरक्षा के बीच यूआईटी ने नार्दन बाईपास का निर्माण कार्य तेज कर दिया है।
सुबह 11 बजे चारों गांवों के 45 से ज्यादा किसान और महिलाएं विधायक के कार्यालय जा पहुंचे। यहां किसानों ने मुआवजा दिलाने की मांग की। विधायक ने किसानों से कहा कि उनके हाथ में जो था वह कर दिया, इससे ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। हालांकि राजावत ने आश्वासन दिया कि वह रविवार को काम रुकवाने चलेंगे। जरूरत पड़ी तो अपनी गिरफ्तारी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। तब जाकर किसान शांत हुए। विधायक का घेराव करने वालों में रामखेड़ली से मथुरालाल मीणा, गुलाब बाई, हेमराज नागर, बद्रीलाल मीणा, ओम प्रकाश नागर, पीपलदा के महेंद्र गुर्जर, ब्रजेश पुरा से रामलाल मीणा, भैंरू शंकर गोचर, ब्रजराज मीणा, भंवर लाल, महेंद्र गुर्जर और नयागांव के जगजीत सिंह आदि किसान थे।
Read More: 80 साल के बुजुर्ग ने 3 साल की मासूम से की गंदी हरकत, कोर्ट ने दी 5 साल की सजा
संसाधनों की कमी आई आड़े
वहीं दूसरी ओर रामखेड़ली और ब्रजेशपुरा के बीच रेलवे क्रांसिंग पर नार्दन बाईपास का निर्माण कार्य तेज कर दिया है। फिलहाल आरओबी की लेबलिंग के लिए मिट्टी डाली जा रही है। मिट्टी की कमी को देखते हुए यूआईटी के अधिकारियों ने वहां फ्लाईएश से भराव करने के निर्देश दिए।
Read More:राजा अल्फांसो ने मुकुंदरा में किया पहला शिकार, जानिए कौन और कैसे बना निशाना
चाक-चौबंद हुई सुरक्षा
ग्रामीणों के विरोध की आशंका को देखते हुए दूसरे दिन भी यूआईटी के अधिकारी मौके पर जमे रहे। उपसचिव कीर्ति राठौर, एक्सईएन महेश गोयल और तहसीलदार इमामुद्दीीन के साथ-साथ क्षेत्रीय एसडीएम मोहनलाल भी मौके पर मौजूद रहे। टेंट लगाकर अस्थाई पुलिस चौकी बनाने के साथ ही मौके पर डेढ़ सौ से ज्यादा पुलिस कर्मियों का जाप्ता भी तैनात रहा।
Published on:
08 Apr 2018 10:38 am
