कोटा. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी की ओर से देश की सबसे प्रतिष्ठित जेईई एडवांस्ड-2023 की परीक्षा रविवार को दो पारियों में आयोजित हुई। परीक्षार्थियों के अनुसार फिजिक्स, कैमेस्ट्री के पेपर आसान रहे, मैथ्स का पेर कठिन रहा।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि दोनों पेपरों में 51-51 प्रश्न पूछे गए। दोनों के ही पूर्णांक 180 रहे। वर्ष-2022 के सापेक्ष वर्ष-2023 जेईई एडवांस्ड के प्रश्नपत्र में प्रश्नों की संख्या तुलनात्मक तौर पर 108 से घटकर 102 रह गई, लेकिन पूर्णांक 360 ही रहे। वर्ष 2023 में प्रत्येक विषय को चार भागों में बांटा गया था। पेपर-1 में पैराग्राफ आधारित प्रश्न नहीं थे, जबकि पेपर-2 में पैराग्राफ आधारित प्रश्न पूछे गए।
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. बृजेश माहेश्वरी ने बताया कि पेपर 1 व पेपर 2 का डिफीकल्टी लेवल लगभग एक जैसा रहा, यानी दोनों पेपर कठिन रहे। हालांकि कुछ विद्यार्थियों को पेपर 1 को सॉल्व करने में ज्यादा परेशानी हुई। प्रत्येक पेपर में चार सेक्शन रहे। मोशन एजुकेशन के फाउंडर व सीईओ नितिन विजय ने बताया कि फिजिक्स और कैमिस्ट्री मॉडरेट और गणित का पेपर चुनौतीपूर्ण था। छात्रों को यह सेक्शन सबसे कठिन लगा।
फिजिक्स
ओवरऑल फिजिक्स में पेपर 1 व पेपर 2 का डिफीकल्टी लेवल मध्यम रहा। इस वर्ष जेईई एडवांस्ड के सिलेबस में जोड़े गए नए टॉपिक्स जैसे पॉलोराइजेशन, ईएम वेव्ज पर भी प्रश्न पूछे गए। पिछले साल जेईई एडवांस्ड में पूछे गए फ्लुइड डाइनेमिक्स के प्रश्न जैसा एक प्रश्न इस साल भी पूछा गया।
यह भी पढ़े: https://www.patrika.com/kota-news/along-with-studies-skills-are-also-important-8286778/
कैमेस्ट्री
ओवरऑल कैमेस्ट्री का पेपर मध्यम से कठिन रहा। दोनों पेपर में लगभग सभी टॉपिक्स को कवर किया गया। ऑर्गेनिक कैमेस्ट्री का वेटेज थोड़ा ज्यादा रहा। ऑर्गेनिक कैमेस्ट्री में कैमेस्ट्री इन एवरीडे लाइफ से प्रश्न पूछे गए। जोकि इसी वर्ष जेईई एडवांस्ड के सिलेबस में जोड़ा गया है। इनऑर्गेनिक कैमेस्ट्री में लगभग सभी मुख्य टॉपिक्स से प्रश्न पूछे गए। फिजीकल कैमेस्ट्री में न्यूमेरिकल सेक्शन में अच्छे सवाल पूछे गए।
मैथेमेटिक्स
मैथेमेटिक्स का पेपर 1 कठिन एवं लेन्दी रहा। जबकि पेपर 2 मध्यम स्तरीय एवं लेन्दी रहा। दोनों पेपर में फंक्शंस, मेट्रिसेस, परम्युटेशन एंड कॉम्बिनेशन, कॉनिक सेक्शन, प्रोबेबिलिटी एंड स्टेटिक्स, कॉम्पलेक्स नंबर्स, वेक्टर एंड 3-डी ज्योमेट्री से प्रश्न पूछे गए। कैलकुलस के प्रश्नों की संख्या पिछले सालों की तुलना में कम रही। सॉल्युशन ऑफ ट्राइएंगल सिलेबस से हटा दिया गया था लेकिन फिर भी कॉम्प्रिहेन्शन बनाकर दो प्रश्न पूछे गए।
44 हजार उम्मीदवार लड़कियां
जेईई मेन के शीर्ष 2.5 लाख उम्मीदवार एडवांस के लिए पात्र होते हैं, हालांकि, केवल 1.96 लाख छात्रों ने एडवांस्ड 2023 के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से लगभग 44 हजार उम्मीदवार लड़कियां हैं। जेईई एडवांस्ड 2023 रैंक उम्मीदवारों को प्रवेश परीक्षा में उनके द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर दी जाएगी। इनका रिजल्ट फाइनल आंसर की के आधार पर होगा। कट-ऑफ और स्कोर की मदद से छात्र आईआईटी के बीटेक कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। पिछले वर्ष के आंकड़ों के अनुसार, सीइसी के लिए आईआईटी मद्रास की हाईएस्ट क्लोजिंग रैंक 175 थी। बायोलॉजिक साइंस 5-वर्षीय ड्यूल डिग्री की सबसे कम क्लोजिंग रैंक 11,452 थी।
परीक्षा परिणाम 18 जून को
9 जून को परीक्षार्थियों की रिकॉर्डेड रिस्पांस शीट्स जारी कर दी जाएगी। प्रोविजनल उत्तर तालिकाएं 11 जून को सुबह 10 बजे जारी की जाएगी। विद्यार्थियों को प्रोविजनल उत्तर तालिकाओं पर आपत्तियां दर्ज करने के लिए 12 जून शाम 5 बजे तक का समय दिया जाएगा। 18 जून को फाइनल उत्तर-तालिकाओं के साथ ही जेईई-एडवांस्ड का परीक्षा परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।