
patwari arrested while taking bribe in kota development authority office
एसीबी कोटा की स्पेशल टीम ने मंगलवार को केडीए के पटवारी रॉकी अरोड़ा को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने रिश्वत भूखंड का पट्टा बनाने की एवज में मांगी थी। आरोपी पटवारी पहले दो किस्त में 15 हजार रुपए ले चुका था। मंगलवार को केडीए कार्यालय में आरोपी पटवारी ने बाथरूम की तरफ जाकर जैसे ही परिवादी से रिश्वत ली। एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया। ट्रेप की सूचना पर कार्यालय में अफरा तफरी मच गई। कई अधिकारी कर्मचारी कार्यालय से बाहर चले गए।
एडिशनल एसपी स्पेशल यूनिट मुकुल शर्मा ने बताया कि हल्का पटवार, सोगरिया स्टेशन एरिया में पदस्थ आरोपी रॉकी अरोड़ा परिवादी से प्लॉट का पट्टा बनाने के एवज में 18 हजार की रिश्वत डिमांड कर रहा था। आरोपी परिवादी से पहले 12 हजार और फिर 3 हजार ले चुका था। बाकी 3 हजार के लिए दबाव बना रहा था। परिवादी की शिकायत पर सोमवार को सत्यापन करवाया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। मंगलवार को इंस्पेक्टर पृथ्वी राज, सब इंस्पेक्टर किशनलाल की टीम ने केडीए कार्यालय में ट्रेप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कमरे से निकल बाथरूम के पास ली रिश्वत
एसीबी ने बताया कि फरियादी पटवारी के पास में तीन हजार रुपए लेकर गया तो उसने कक्ष में रिश्वत लेने से मना किया। वह फरियादी को कक्ष से बाहर लाया। इसके बाद में बातें करते हुए टॉयलेट की तरफ लेकर गया। चारों तरफ देखा इसके बाद में फरियादी से तीन हजार रुपए लिए। फरियादी का इशारा मिलते ही एसीबी टीम आरोपी को रंगे हाथों में गिरफ्तार किया।
Updated on:
26 Nov 2024 06:31 pm
Published on:
26 Nov 2024 06:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
