कोटा. हरित ऊर्जा क्रांति के तहत गैर पारंपरिक माध्यमों से ऊर्जा प्राप्त करने के ठोस प्रयासों के तहत कोटा मंडल ने सोलर पावर प्लांट की योजना को विस्तार दिया है। कोटा के बाद अब मंडल के भरतपुर स्टेशन पर 60 किलोवॉट विद्युत उत्पादन क्षमता प्लांट स्थापित किया है। वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर सामान्य हरीश रंजन के अनुसार इस प्लांट के लगने से कोटा मंडल को सालाना करीब 4 लाख 40 हजार रुपए की बचत होगी।
सोलर प्लांट निर्माता कंपनी के साथ कोटा मंडल ने एक करार किया है। जिसके अंतर्गत कोटा मंडल के पांच स्थानों पर सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे। जिसमें कोटा रेलवे स्टेडियम, कोटा वर्कशॉप, कोटा आरओएच डिपो, तुगलकाबाद इलेक्ट्रिक लोको शेड और बारां रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इस सोलर पॉवर प्लांट से रेलवे को 25 साल तक 3 रुपए 47 पैसे प्रति यूनिट से बिजली मिलती रहेगी।