22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा

हीट वेव की चपेट में राजस्थान, भट्टी की तरह तप रहा प्रदेश

छतों पर रखी टंकियों का पानी उबला

Google source verification

प्रदेश इन दिनों हीट वेव की चपेट में है। कोटा शहर भट्टी की तरह तप रहा है। सुबह से लोग गर्मी से बेहाल हैं। पसीने से तरबतर हो रहे हैं। दिन में गर्म हवा के थपेड़े झुलसा रहे हैं। इसके चलते दोपहर में बाजारों में आमजन की आवाजाही कम बनी हुई है।कोटा शहर में शुक्रवार सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख रहे।

गर्म हवा की वजह से शहर भीषण गर्मी से तप रहा है। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं। कई लोग गर्मी से बचने व गला तर करने के लिए शीतल पेय पदार्थ का उपयोग कर रहे हैं। शाम पांच बजे तक चिलचिलाती धूप की चुभन महसूस की जा रही है। छतों पर रखी टंकियों का पानी उबल रहा है। उमस भरी गर्मी के कारण पंखे व कूलर फेल हो रहे हैं। दिन के साथ रात का पारा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे रातें भी तप रही हैं।

तरणताल में ले रहे आनंद

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग सुबह-शाम नयापुरा व श्रीनाथपुरम तरणताल में जाकर नहाने का आनंद उठा रहे हैं। यहां बच्चों से लेकर युवा वर्ग तक सभी पहुंच रहे हैं। इससे इन दिनों तरणताल में भीड़ दिखाई दे रही है।

सड़कों पर नहीं हो रहा पानी का छिड़काव

नौतपा शुरू होने में कुछ ही दिन शेष हैं, गर्मी चरम पर पहुंच गई है। नगर निगम की ओर से शहर में पानी छिड़काव के लिए फोगिंग मशीन है, लेकिन कोटा की सड़कों पर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है।

बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान 42.6 व न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 8.30 बजे तक आर्द्रता 38 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार 5 किमी प्रति घंटे से चली। मौसम विभाग के अनुसार, 21 मई तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इससे तापमान में बढ़ोतरी होगी। 21 से 22 मई से एक नया आंधी, बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।