
फोटो- नंदिनी गुप्ता इंस्टाग्राम
Nandini Gupta Miss World Competition: राजस्थान की नंदिनी गुप्ता इस समय मिस वर्ल्ड 2025 को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। हर कोई जानना चाहता है कि नंदिनी गुप्ता कौन हैं? वह मिस वर्ल्ड 2025 की कंटेस्टेंट कैसे बनीं? यहां तक आने के लिए उन्हें क्या-क्या करना पड़ा? चलिए जानते हैं नंदिनी गुप्ता ने मिस वर्ल्ड 2025 के प्रतियोगिता तक का सफर कैसे तय किया।
नंदिनी गुप्ता कोटा की पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र की रहने वाली हैं। नंदिनी के पिता सुमित गुप्ता किसान हैं और बिजनेस भी करते हैं। मां रेखा गुप्ता गृहिणी हैं। उनकी छोटी बहन अनन्या गुप्ता हैं। नंदिनी ने पहले मिस राजस्थान, फिर मिस इंडिया और अब मिस वर्ल्ड टॉप मॉडल चैलेंज तक का सफर तय किया। उन्होंने पिछले दो साल से लगातार इसकी तैयारी की और बीते तीन महीने में मुंबई में फिटनेस, वॉइस ट्रेनिंग, रैंप वॉक और प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों की गहन ट्रेनिंग ली।
नंदिनी गुप्ता का जन्म 2003 में राजस्थान के कोटा शहर में हुआ। उनकी शुरुआती शिक्षा कोटा के ही सेंट पॉल सेकेंडरी स्कूल में पूरी हुई। 14 साल तक कोटा में रहने के बाद वह मुंबई आ गई। मुंबई के लाला लाजपत राय कॉलेज से उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की।
साल 2023 में फेमिना मिस इंडिया का ताज हासिल करने के बाद यह सुनिश्चित हो गया था कि वह 2025 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के लिए भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए नंदिनी गुप्ता ने कड़ी मेहनत की। उन्होंने कोटा में ही इसकी शुरुआत कर दी थी।
नंदिनी गुप्ता ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था, वह 10 साल की उम्र से सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए संघर्ष कर रही थी। आज वह जिस मुकाम पर पहुंची हैं, उसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत छिपी हुई है। वह मिस वर्ल्ड 2025 में भारत का नाम रोशन कर रही हैं। मिस वर्ल्ड 2025 भारत में ही आयोजित किया गया है। तेलंगाना के हैदराबाद में यह आयोजन चल रहा है। 31 मई को फाइनल होगा।
बताते चलें, हैदराबाद में चल रहे मिस वर्ल्ड कॉम्पीटिशन में राजस्थान प्रदेश का नेतृत्व कर रही नंदिनी गुप्ता को लेकर अपडेट है। नंदिनी ने टॉप-40 में पहुंच सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बता दें कि मिस वर्ल्ड के लिए विश्व की 120 सुंदरियों के बीच मुकाबला है। नंदिनी साल 2023 में मिस इंडिया भी चुनी गईं थी। कॉम्पीटिशन 10 से 31 मई तक चलना है, जिसमें लगातार अलग-अलग प्रतियोगिताएं हो रही हैं।
Updated on:
28 May 2025 01:19 pm
Published on:
28 May 2025 01:01 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
