
फोटो: AI जनरेटेड
Rajasthan News: प्रदेश में मार्च माह नजदीक आते ही बकाया टैक्स वसूली को लेकर परिवहन विभाग सक्रिय हो जाता है। इसी क्रम में कोटा रीजन में इस बार बड़ी कार्रवाई सामने आई है। परिवहन विभाग ने 1832 वाहनों को टैक्स डिफाल्टर घोषित करते हुए उनके खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं 464 वाहन मालिकों की संपत्ति का विवरण जुटाने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है।
जानकारी मिलते ही संबंधित संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग के अनुसार हर वर्ष मार्च से पहले बकाया टैक्स की सूची तैयार कर वसूली अभियान चलाया जाता है। निरीक्षकों को लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए जाते हैं और सड़कों पर विशेष चेकिंग अभियान भी संचालित होता है। हालांकि इस बार कोटा रीजन में परिवहन निरीक्षकों की कमी के कारण लक्ष्य प्राप्ति में बाधा आ रही है। ऐसे में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सीधे बैंक खातों को फ्रीज कराने और संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू की है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) मनीष शर्मा ने बताया कि बकायादार वाहन मालिकों को नियमानुसार नोटिस जारी कर बकाया टैक्स जमा कराने के लिए कहा गया था, लेकिन कई वाहन मालिकों ने निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया। इसके बाद विभाग ने पहले चरण में संबंधित वाहन मालिकों के बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की।
इसके बावजूद जिन मामलों में वर्षों से टैक्स बकाया चल रहा है, उन 464 वाहन मालिकों की संपत्ति का विवरण लेने के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है। आरटीओ के अनुसार, प्रशासन से संपत्ति संबंधी जानकारी प्राप्त होते ही नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग का कहना है कि यह कदम उन वाहन मालिकों के खिलाफ उठाया जा रहा है, जो लंबे समय से टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं और नोटिस के बावजूद सहयोग नहीं कर रहे।
परिवहन विभाग के अधिकारी सूत्रों के अनुसार कोटा रीजन में यह पहली बार है जब खातों को फ्रीज करने के बाद सीधे संपत्ति कुर्क करने की तैयारी की जा रही है। विभाग की इस सख्ती से बकाया टैक्स वसूली में तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही, अन्य वाहन मालिकों के लिए भी यह एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि समय पर टैक्स जमा नहीं करने पर कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
Published on:
23 Feb 2026 03:09 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
