कोटा. नगर निगम चुनाव में वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकलने के दूसरे ही दिन मेला समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय दशहरा मेले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर मुहर लगा दी है। मेले में सिने संध्या सबसे महंगा कार्यक्रम होगा। सिने संध्या में इस बार नामी गायक सोनू निगम गीतों का समा बांधेंगे। सोनू निगम का एक गाना सुनने के लिए निगम करीब आठ लाख रुपए खर्च करेगा। सिने संध्या में कलाकार बमुश्किल पांच से सात गाने पेश करते हैं। सोनू निगम का कार्यक्रम 58 लाख रुपए में तय हो गया है।
मालपुओं की खुशबू से महक रहा है परकोटे के भीतर का कोटा
मेला समिति की बैठक गुरुवार को महापौर महेश विजय व मेला समिति अध्यक्ष राम मोहन मित्रा की मौजूदगी में हुई। करीब तीन घण्टे से अधिक चली बैठक में मेले में होने वाले ज्यादातर कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मेला अध्यक्ष ने कहा कि दशहरा मेले के उदघाटन कार्यक्रम को भव्य रूप बनाने के लिए पहली बार लेजर शो का आयोजन किया जाएा। राम बारात, लक्ष्मी नारायण जी की सवारी के आयोजन को भी भव्य रूप से राजसी वैभव के साथ निकालने का निर्णय हुआ है।
सदस्य नरेन्द्र हाड़ा ने सुझाव दिया कि आशापाला मंदिर पर भजन संध्या होती है, माता का जागरण होना चाहिए। इस पर सभी सदस्यों ने इस बार जागरण का कार्यक्रम करने के निर्णय पर मुहर लगा दी है। बैठक में मेलाधिकारी कीर्ति राठौड़, सहायक मेलाधिकारी प्रशांत भारद्वाज, महेश गौतम लल्ली, प्रकाश सैनी, रमेश चतुर्वेदी, भगवान स्वरूप गौतम, मीनाक्षी खण्डेलवाल, मोनू कुमारी आदि मौजूद थे।
बकरा मंडी स्थल पर भरेगा पशु मेला
राजस्व समिति के अध्यक्ष महेश गौतम लल्ली ने बताया कि इस बार पशु मेला बकरा मंडी स्थल पर भरावाने का निर्णय हुआ है। बैठक में अधिकारियों को पशु मेले के हिसाब से यह स्थल तैयार करने को कहा गया है। मेला समिति शीघ्र ही दशहरा मैदान का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेगी।