
kota band
कोटा . एससी-एसटी एक्ट पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरोध में भारत बंद के आह्वान के तहत कोटा बंद रहेगा। एससी-एसटी वर्ग के 17 अलग-अलग संगठन शहर में घूम-घूमकर बाजारों को बंद कराएंगे। यह निर्णय रविवार को तलवंडी स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में अजा-जजजा के प्रतिनिधियों की सामुहिक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
अखिल भारतीय अनुसूचित जाति परिषद के शहर जिलाध्यक्ष चतुर्भुज खींची ने बताया कि कोटा में एससी-एसटी के विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सुबह 8 बजे से ही विभिन्न स्थानों पर एकत्रित होकर शहर के मुख्य बाजारों को बंद कराएंगे। इसके लिए छावनी, गुमानपुरा, रामपुरा, नया कोटा क्षेत्र, स्टेशन, नदी पार क्षेत्र, बोरखेड़ा, डीसीएम क्षेत्रों में अलग-अलग टीमें बना दी गई है। यह टीमें घूम-घूमकर दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को बंद कराएंगी। दोपहर बाद सभी संगठन सीएडी सर्किल पर एकत्रित वहां रैली के रूप में रवाना होकर अदालत चौराहा पहुंचेंगे। वहां डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्र्यापण करेंगे। रैली एरोड्राम सर्किल, छावनी, गुमानपुरा, रामपुरा, नयापुरा से सीधे अदालत चौराहा पहुंचेगी। बंद शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाएगा। बंद से आवश्यक सेवाएं पेट्रोल पंप, अस्पताल से जुड़ी संस्थाएं एवं परीक्षा केन्द्र बंद से मुक्त रहेंगे। डॉ. भीमराव अम्बेडकर समिति के महासचिव डॉ. विनय सिंघल ने केन्द्र सरकार से अध्यादेश जारी कर वीटो पावर का इस्तेमाल कर कानून को पलटने की मांग के साथ ही भारत सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पुर्नयाचिका दाखिल करने की मांग की।
कलक्टर को सौपेंगे ज्ञापन
अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति महापंचायत के पूर्व जिला प्रमुख गोविन्द सिंह परमार ने कोटा की सभी व्यापारिक संगठनों, राजनैतिक दलों एवं सामाजिक संस्थाओं से बंद को सफ ल बनाने की अपील की है। अखिल भारतीय बैरवा महासभा के जिलाध्यक्ष जगदीश बियानी व अखिल राजस्थान एसटी/एससी व ओबीसी अधिकारी कर्मचारी संयुक्त महासंघ की मीना सामुदायिक भवन में आयोजित बैठक में बंद का समर्थन किया। संगठन की ओर से रंगबाड़ी स्थित कौटिया भील प्रतिमा स्थल से सुबह 10 बजे आक्रोश रैली निकाली जाएगी। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहरलाल मीणा ने समस्त आरक्षित वर्ग के अधिकारी व कर्मचारी अवकाश पर रहेंगे। मीना समाज विकास समिति के अध्यक्ष आरडी मीना ने बताया कि सुबह जिला कलक्टर को ज्ञापन देंगे।
प्राइवेट स्कूल
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि जिन स्कूलों में परीक्षा रहेगी, वे खुले रहेंगे। शेष स्कूल बंद रहेंगे। प्राइवेट स्कूल वेलफेयर सोसायटी के महामंत्री संजय शर्मा व सहोदय कॉम्पलेक्स के अध्यक्ष प्रदीपसिंह गौड़ ने बताया कि परीक्षा के चलते स्कूल खुले रहेंगे।
2 घंटे बंद रहेंगे पेट्रोल पंप
उधर, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तरुमीत सिंह बेदी ने बताया कि शहर के पेट्रोल पंप सुबह 10 से 12 बजे तक दो घंटे के लिए बंद रहेंगे।
भामाशाहमंडी खुली रहेगी
कोटा ग्रेड एण्ड सीड्स मर्चेन्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि कोटा बंद के दौरान भामाशाहमंडी खुली रहेगी। सामान्य दिनों की तरफ कारोबार होगा। वे सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का पालन करते है। उन्होंने मंडी में पुलिस से सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है।
Published on:
01 Apr 2018 09:28 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
