
कवाई. पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मुकुंदपुरा, पीईईओ कवाई में पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालय परिवार की ओर से अब तक करीब 100 पौधे लगाए जा चुके हैं। विद्यालय परिसर में पौधारोपण के साथ-साथ इनकी नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शारीरिक शिक्षक अख्तर अली ने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ विद्यार्थी भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों को पौधों का महत्व समझाते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं देखभाल की व्यवस्था की जा रही है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि परिसर को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाया जाए। इसके लिए छायादार, फलदार एवं सजावटी पौधों को प्राथमिकता दी जा रही है।
देखभाल का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
पौधरोपण के दौरान विद्यार्थियों ने पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। गर्मी के मौसम में नियमित पानी देने, पौधों को नुकसान से बचाने तथा आसपास साफ-सफाई रखने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है। विद्यालय परिसर में पहले से मौजूद हरियाली के बीच नए पौधे लगाए जाने से परिसर का स्वरूप भी निखर रहा है। विद्यालय परिवार का कहना है कि विद्यालय में पौधरोपण अभियान को आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
Updated on:
09 Aug 2026 06:00 am
Published on:
09 Aug 2026 06:00 am
