3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota Crime: आरोपियों ने जेल में रची साजिश, बाहर आते ही कर दिया क्राइम, पुलिस ने खंगाले 100+CCTV कैमरे

Rajasthan Crime News: कोटा जिले में ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की साजिश जेल के अंदर ही रची थी और बाहर आते ही वारदात को अंजाम दे दिया।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Apr 03, 2026

Tractor

बरामद ट्रैक्टर की फोटो: पत्रिका

Tractor Thief Arrested: कोटा जिले के मोडक थाना पुलिस ने ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक महीने पहले हुई ट्रैक्टर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया ट्रैक्टर बरामद कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

एक माह पहले हुई थी चोरी

पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि 26 फरवरी 2026 को ग्राम गुणदी निवासी दुर्गालाल गुर्जर का ट्रैक्टर चोरी हो गया था। यह ट्रैक्टर एक फैक्ट्री परिसर में खड़ा था, जहां से अज्ञात चोर उसे चुरा कर ले गए थे। इस मामले में 6 मार्च 2026 को मोडक थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही 50 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने कई स्थानों के बीटीएस डेटा की भी जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

पुलिस ने कमल लोधा (23) निवासी मण्डानिया और बबलू इंदौरी उर्फ अकील (35) निवासी कोटा शहर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया।

जेल में बनी थी चोरी की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर चोरी की साजिश जेल के अंदर ही बनाई गई थी। गिरोह के सदस्य कमल लोधा और रामरतन मीणा पहले से अन्य मामलों में उपकारागृह रामगंजमंडी में बंद थे। वहीं उन्होंने ट्रैक्टर चोरी की योजना तैयार की थी। बाद में बबलू इंदौरी ने रामरतन मीणा की जमानत करवाई। जेल से बाहर आने के अगले ही दिन आरोपियों ने ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

बेचने की तैयारी में थे आरोपी

आरोपियों ने ट्रैक्टर चोरी करने के बाद उसे अलग-अलग रास्तों से होते हुए कोटा शहर पहुंचाया और उसे बेचने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर बरामद कर लिया। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और डीएसपी रामगंजमंडी घनश्याम मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी सज्जन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी।