
फोटो पत्रिका
कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित खंडहर रेलवे क्वार्टर में मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिला। महिला का सिर और एक हाथ धड़ से अलग था। राहगीरों ने एक कुत्ते को मानव हाथ मुंह में दबाकर ले जाते देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। महिला की पहचान वंदना बैरवा (37) के रूप में हुई है, जिसका पीहर रंग तालाब और ससुराल नयापुरा क्षेत्र में है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि वंदना पिछले कई सालों से रेलवे के इन्हीं खंडहर क्वार्टर में अकेली रह रही थी। वह पति से 12-13 साल से अलग थी और परिजनों से भी संबंध नहीं थे। बताया गया कि वह टीबी से पीड़ित थी और इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की मौत करीब 18 घंटे पहले हुई है। शरीर से सिर और हाथ अलग मिले हैं, लेकिन मौके पर खून के ज्यादा निशान नहीं मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि शव की यह स्थिति मौत के बाद जानवरों द्वारा किए गए क्षरण के कारण हो सकती है, हत्या की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा ने बताया कि एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम मौके पर जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में सामने आया कि महिला के फैफड़ें पूरी तरह से खराब हो चुके थे। सिर व हाथ भी मौते के बाद ही अलग हुए हैं। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या है या प्राकृतिक मौत। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
15 Jul 2025, 7:13 PM IST
Published on:
15 Jul 2025, 7:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.