कोटा. राष्ट्रीय मेला दशहरा के तहत नगर निगम कोटा उत्तर-दक्षिण व कुश्ती संघ के संयोजन में सोमवार को तीन दिवसीय अखिल भारतीय चम्बल केसरी दंगल का आगाज हुआ। इस दौरान देशभर से आए पहलवानों के बीच पहले दिन जबर्दस्त मुकाबले देखे गए। वहीं हाडौती स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बालक-बालिका पहलवानों ने दांव-पेंच दिखाए। इससे पहले मेला समिति अध्यक्ष मंजू मेहरा, कांग्रेस नेता राकेश सोरल, गोविंद शर्मा, उप महापौर सोनू कुरैशी, पवन मीणा, पार्षद इसरार मोहम्मद, कुश्ती संघ के अध्यक्ष इंद्रकुमार दत्ता, सचिव हरीश शर्मा ने मेट की पूजा कर दंगल का शुभारंभ किया। भगवान बजरंग बली के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया।
दंगल में राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पंजाब, छत्तीसगढ़, गोवा, कर्नाटक, दिल्ली, हरियाणा से पहलवान भाग लेने के लिए कोटा पहुंच चुके हैं, वहीं नेशनल लेवल के रैफरी भी आ गए। कुश्ती दंगल में भाग लेने के लिए इंटरनेशनल पहलवान निशा दहिया, राधिका पानीपत, आरजू दादरी, प्रियंका दादरी, रविता हिसार, मंजू हिसार, अंकिता भीलवाड़ा, अन्नू तोमर, मोनिका समेत महिला पहलवान कोटा पहुंच गईं। इसी प्रकार कॉमन्वेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट और भारत केसरी अर्जुन अवार्डी सुमित मलिक, नेवी के पहलवान पुष्पेंद्र, दिल्ली से आकाश और महाराष्ट्र केसरी पृथ्वीराज समेत अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहलवान कोटा पहुंच चुके हैं।
चतुर्थ अखिल भारतीय चम्बल वुशू टाइटल कप 12 से
मेले में 12 से 14 अक्टूबर के बीच चतुर्थ अखिल भारतीय ओपन चम्बल वुशू टाइटल कप व हाड़ौती वुशू टाइटल कप का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के महाबली महिला-पुरुष अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। मेला समिति अध्यक्ष मेहरा ने बताया कि राज्य सरकार की खेलों को बढ़ावा देने की नीति के अनुरूप मेले में वुशू प्रतियोगिता जिला वुशू संघ के सहयोग से दो के स्थान पर तीन दिन आयोजित की जाएगी। मेला अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फाइटर्स की जबरदस्त भिडं़त देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता का सबसे बड़ा खिताब चम्बल महाबली रखा गया है। वहीं महिला वर्ग में सबसे बड़ा खिताब चम्बल योद्धा होगा। हाड़ौती स्तर की सब जूनियर और जूनियर प्रतियोगिताएं भी होंगी। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग के मुकाबलों में प्रथम आने वाले सभी खिलाडिय़ों को 51000 रुपए, द्वितीय रहने वाले खिलाडिय़ों को 21000 व तीसरे व चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाडिय़ों को निगम की ओर से 11-11 हजार रुपए की राशि का भुगतान किया जाएगा। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले खिलाड़ी को 3100, द्वितीय को 2100 रुपए तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाले सभी खिलाडिय़ों को 11- 11 सौ रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
12 राज्यों के खिलाड़ी लेंगे भाग
अखिल भारतीय वूशु टाइटल कप में मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित 12 राज्यों के करीब 200 टॉप राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाडी जोर आजमाइश करेंगे।
हाड़ौती स्तरीय के भी होंगे मुकाबले
कोटा वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव भगवान गोदारा ने बताया कि सब जूनियर वर्ग में 20, 25, 30, 35, 40, 45, 50 व 55 किलोग्राम भारवर्ग के लिए तथा जूनियर वर्ग में 45, 50, 55, 60, 65, 70, 75 व 80 किलोग्राम भारवर्ग के खिताबी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
अखिल भारतीय राजस्थानी भाषा कवि सम्मेलन आज
दशहरा मेला में सोमवार को मायड़ भाषा की गूंज सुनाई देगी। मेले में रात 8 बजे से विजयश्री रंगमंच पर अखिल भारतीय राजस्थानी भाषा कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। संयोजक अनिल सुवालका ने बताया कि कवि सम्मेलन में दुर्गादान सिंह गौड़, मुकुट मणिराज, विश्वामित्र दाधीच, बाबू बंजारा, कैलाश मंडेला, दुर्गाशंकर धांसू, पवन गोचर, विष्णु विश्वास, गौरस प्रचंड, गोविंद हांकला, अंबिकादत्त चतुर्वेदी, रामनारायण हलधर, मुरलीधर गौड़, प्रेम शास्त्री, भैरूलाल भास्कर, गिरिराज आमेठा, हरीश हिंदुस्तानी, मनोज गुर्जर, दिनेश बंटी, दीपिका माही, आयुषी राखेजा, प्रहलाद सिंह, अखिलेश बंटी, आरसी आदित्य, जगदीश निराला, रमेशचंद्र खंडेलवाल, गोरीशंकर सोनगरा, मनदीप सिंह, रमेश राजस्थानी, जगदीश भारती, चंपालाल राव, रघुराज कर्मयोगी, मदन मदहोश, आनंद हजारी काव्य पाठ करेंगे।
हत्था माला प्रतियोगिता आज
मेला अधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार शाम 7.30 बजे हत्था माला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
हंसो हंसाओ, तनाव भगाओ कार्यक्रम आज
हंसो हंसाओ, तनाव भगाओ यू मार्केट में आओ और इनाम पाओ कार्यक्रम का शुभारंभ रात 9 बजे मेला समिति अध्यक्ष व उप महापौर कुरैशी, मेला अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि करेंगे, जो समापन तक चलेगा। लाफ्टर कलाकार मोटीवेटर फिल्म टीवी कलाकार जूनियर अन्नू कपूर और उनके साथी कलाकार संचालित करेंगे।